समस्तीपुर : फाइनेंस कंपनी के कर्मी पर 96 हजार गबन का आरोप, ब्रांच मैनेजर ने मुफस्सिल थाने में FIR दर्ज करायी

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धरमपुर चौक मुसापुर रानिचारी अस्थान मंदिर के पास स्थित समस्ता फाइनेंस लिमिटेड की शाखा में कार्यरत एक फील्ड स्टाफ पर महिलाओं के ऋण खातों से जमा की गई किस्तों की राशि में करीब 96 हजार रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। इस संबंध में ब्रांच मैनेजर ने थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार आरोपी कर्मचारी दीपक कुमार महतो 31 जुलाई 2023 से 30 अगस्त 2025 तक शाखा में फील्ड स्टाफ के पद पर कार्यरत था। उसकी जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण वितरण करना तथा उनसे वसूली गई किस्तों को कंपनी के खाते में जमा कराना था।
कंपनी का आरोप है कि दीपक ने कई महिलाओं से ऋण की किस्त और पूर्ण भुगतान की राशि तो वसूल ली, लेकिन उसे कंपनी के आधिकारिक खाते में जमा नहीं कराया और कथित रूप से निजी उपयोग में ले लिया। जांच के दौरान कुल 8 खातों में गड़बड़ी पाई गई, जिनमें अलग-अलग तिथियों में वसूली गई राशि का कंपनी के रिकॉर्ड से मिलान नहीं हुआ। इन खातों में कुल 96,284 रुपये की अनियमितता सामने आई है। जिन महिलाओं के खातों में गड़बड़ी पाई गई है उनमें उर्मिला देवी, पिंकी देवी, गीता देवी, सुधा देवी, मीना देवी, पानो देवी, सीता देवी और ननकी देवी शामिल हैं।


आरोप है कि इनसे किस्त और पूरा ऋण भुगतान लिया गया, लेकिन कंपनी के खाते में उसका सही हिसाब नहीं मिला। आवेदन में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने कुछ राशि मोबाइल के माध्यम से प्राप्त की थी, लेकिन वह रकम भी कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई गई। कंपनी स्तर पर की गई आंतरिक जांच में यह अनियमितता सामने आई। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रसर कारवाई की जा रही है।






