समस्तीपुर : डेलिगेशन की देरी से पुलिस एसोसिएशन चुनाव का नामांकन टला, अभ्यर्थियों में नाराजगी
समस्तीपुर : पुलिस एसोसिएशन के चुनाव को लेकर शनिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, जिससे चुनाव लड़ने के इच्छुक पुलिस पदाधिकारियों में नाराजगी देखी गई। सभी अभ्यर्थियों ने अपने-अपने नामांकन की तैयारी पहले से ही पूरी कर ली थी और निर्धारित समय के अनुसार शाम चार बजे तक नामांकन होना था। बताया गया कि मुजफ्फरपुर से आने वाली तीन सदस्यीय डेलिगेशन टीम के विलंब से पहुंचने के कारण पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो गई। डेलिगेशन के पहुंचने तक समय समाप्त हो चुका था और बातचीत के दौरान ही तय समय निकल गया। इसके बाद डेलिगेशन ने नामांकन लेने से इनकार कर दिया।
डेलिगेशन में शामिल राम विलास प्रसाद ने बताया कि निर्धारित समय सीमा तक कोई भी नामांकन नहीं हो सका है। अब नामांकन के लिए अगली तिथि तय की जाएगी। इधर, चुनाव में भाग लेने वाले पुलिस कर्मियों ने इस व्यवस्था पर रोष जताया है। उनका कहना है कि उन्होंने चुनाव को लेकर पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन डेलिगेशन के देर से आने के कारण उन्हें नामांकन का मौका नहीं मिल पाया।


