समस्तीपुर में दिनदहाड़े जर्दा कारोबारी से 4.31 लाख की लूट मामले में बाजार के ही तीन कारोबारी नामजद, FIR हुई दर्ज

समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में माॅडल स्कूल के समीप सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने जर्दा कारोबारी से 4.31 लाख रुपये लूट लिए। बताया गया है कि सोमवार की दोपहर तीन नकाबपोश बदमाश एजेंसी में घुसकर हथियार के बल पर मौजूद लोगों को धमकाते हुए नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित राहुल गुप्ता ने डायल-112 को सूचना दी।
सूचना पर डायल-112 व नगर थाने की पुलिस पहुंच मामले की जांच की जानकारी के अनुसार पीड़ित कारोबारी राहुल गुप्ता अपने आवासीय परिसर में ही जर्दा सहित विभिन्न कंपनियों की एजेंसी का संचालन करते हैं। सोमवार की दोपहर उनका कलेक्शन ब्वॉय बाजार से पैसे लेकर एजेंसी पहुंचा ही था कि उसी समय तीन नकाबपोश बदमाश अंदर घुस गए। अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने हथियार निकालकर वहां मौजूद लोगों को डराया और गल्ले में रखी पूरी नकदी लूट ली।


घटना के दौरान दो बदमाश एजेंसी के अंदर रहे जबकि एक बदमाश गेट पर खड़ा होकर पहरा देता रहा। लूटपाट के बाद बदमाशों ने नगदी को एक बैग में भरा और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश एक ही बाइक से आए थे और बाइक को गेट के बाहर खड़ा कर रखा था। कारोबारी बहादुरपुर वार्ड संख्या-26 निवासी अंकित कुमार गुप्ता के अनुसार बदमाश 4.31 लाख रुपये लूटकर फरार हुए हैं। इसको लेकर उन्होंने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर आवेदन दिया है। पीड़ित को आशंका है की जमीन विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है।
इसको लेकर पीड़ित ने दीपक मोदी, गोलू मोदी व पारस जैन को आरोपित किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आलोक प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। अपराधियों के भागने की दिशा में पुलिस टीम को लगाया गया है।
यहां देखें वीडियों :







