दलसिंहसराय के ऋषभ बरनवाल ने चार्टेड अकाउंटेंट बनकर किया क्षेत्र का नाम रोशन

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : शहर के मेन बाजार, कालीस्थान निवासी किराना व्यवसायी रतन बरनवाल के होनहार पुत्र ऋषभ बरनवाल ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर देश की प्रतिष्ठित परीक्षा चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों और पूरे दलसिंहसराय क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
ऋषभ ने अपनी माध्यमिक शिक्षा पटना स्थित एल एम सी हाई स्कूल से प्राप्त करने के बाद इसी स्कूल से आई कॉम उत्तीर्ण किया। पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेधावी रहे ऋषभ ने कोलकाता में रहकर IGNOU से बी कॉम और एम कॉम उत्तीर्ण किया। इसके साथ ही कोलकाता में ही तैयारी करते हुए कठिन मानी जाने वाली चार्टर्ड अकाउंटेंट की परीक्षा को उन्होंने दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के साथ पास कर इस उपलब्धि को हासिल किया।

ऋषभ की इस सफलता पर उनके पिता के अलावे माँ सुशीला देवी, भाई रजनीश बरनवाल, बहन दीपा सहित गुरुजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऋषभ की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और वे भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित होंगे। दलसिंहसराय के लोगों ने भी ऋषभ बरनवाल की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं की सफलता से क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ता है।






