समस्तीपुर कॉलेज व ‘द उम्मीद’ के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर, तीन वर्षों तक मिलकर होंगे शैक्षणिक व सामाजिक कार्यक्रम

समस्तीपुर : समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर और सामाजिक संस्था ‘द उम्मीद’ के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया। यह समझौता आगामी तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। इसके तहत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक, कौशल विकास और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार शशि ने कहा कि कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का चौमुखी विकास कर राष्ट्र को मजबूती प्रदान करना संस्थान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षण के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी एक अच्छे नागरिक का परम कर्तव्य है। इस समझौते से युवाओं को सक्षम बनाने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

वहीं ‘द उम्मीद’ के संस्थापक अध्यक्ष अमरजीत कुमार ने कहा कि उन्होंने स्वयं इसी महाविद्यालय में अध्ययन किया है और यहां से प्राप्त ज्ञान को जीवन में उतारते हुए वे सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने बताया कि संस्था के सदस्य कर्मठ और सहयोगी भावना से युक्त हैं तथा किए गए समझौते के अनुरूप सभी गतिविधियों का प्रभावी ढंग से संचालन किया जाएगा।

इस एमओयू के तहत मुख्य रूप से शिक्षा समर्थन व शैक्षणिक संवर्धन, कौशल विकास और रोजगार योग्यता से जुड़ी पहल, सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में छात्रों की भागीदारी तथा युवाओं में समग्र विकास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. रितेश चौरसिया, डॉ. महेश कुमार चौधरी, डॉ. राहुल मनहर, डॉ. खुर्शीद अहमद खान, डॉ. शालिनी कुमारी भावसिंका, योगेंद्र राय, शशिशेखर प्रसाद यादव सहित ‘द उम्मीद’ के सदस्य आदेश, श्वेता, नवनीत, हरि माधव, पूजा, प्रियंका, संगम, सुमन, अमन, दीपक और अनुष्का समेत अन्य लोग उपस्थित थे।





