चकनूर गोलीकांड में जख्मी युवक के दोनों दोस्त हुए फरार, गतिविधि संदिग्ध, दोनों पर पहले से भी दर्ज है अलग-अलग FIR
एक दोस्त चार्जशीटेड तो एक था वांटेड, गोली चलने वाले घटनास्थल को लेकर भी अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चकनूर में बीते बुधवार की शाम हुए गोलीकांड मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं। अब इस मामले में जख्मी अनमोल कुमार के दोनों दोस्त राॅबिन और सचिन भी संदिग्ध घेरे में चल रहे है। दोनों युवकों की गतिविधियों को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। बताया गया है कि गोली लगने के बाद अनमोल को उसके यही दोनों दोस्त रॉबिन और सचिन बाइक से बीच में बैठाकर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। लेकिन अस्पताल पहुंचाने के कुछ ही देर बाद दोनों वहां से अचानक गायब हो गए। इसके बाद से ही उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

परिजनों के अनुसार, घटना कहां और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी दोनों दोस्तों द्वारा नहीं दी जा रही है। दोनों घटना के बाद घटनास्थल के बारे में भी अलग-अलग बातें परिजनों को बता रहे थे, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के गोली किसी और जगह चली है लेकिन जख्मी और उसके दोस्त किसी और जगह को घटनास्थल बता रहे हैं। थाने से मिली जानकारी के मुताबिक, जख्मी के दोनों दोस्तों का पूर्व का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

रॉबिन पहले से ही शराब से जुड़े एक मामले में चार्जशीटेड है, जबकि सचिन मारपीट के एक मामले में वांटेड है। ऐसे में पुलिस दोनों दोस्तों के आपराधिक रिकॉर्ड को भी जांच से जोड़कर देख रही है। इधर, जख्मी अनमोल कुमार का बयान पुलिस ने दर्ज किया है। जिसमें उसने बताया था कि बुधवार की शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकनूर में रामबाबू चौक और शिव चौक के बीच बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों द्वारा उसे गोली मारकर जख्मी कर दिया गया।
जख्मी अनमोल को उसके दोस्तों ने पहले शहर के आदर्शनगर स्थित एक निजी अस्पताल में बाइक पर लादकर पहुंचाया था, जहां परिजनों के पहुंचने पर दोनों एक-एककर फरार हो गये। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके सीने से गोली निकाल दी। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह का कहना है कि जख्मी के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।






