समस्तीपुर में बाजार समिति के पास खड़ी ट्रक से 2 हजार 895 लीटर विदेशी शराब, बोडका और बीयर बरामद
समस्तीपुर : मद्य निषेध सह उत्पाद विभाग की टीम ने मथुरापुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर वार्ड संख्या-12 में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब, वोडका और बीयर बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 2895 लीटर बताई जा रही है। उत्पाद विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान ट्रक से 95 कार्टन बीयर जिसकी कुल मात्रा 1140 लीटर, 45 कार्टन वोडका जिसकी कुल मात्रा 405 लीटर तथा 150 कार्टन विदेशी शराब जिसकी कुल मात्रा 1350 लीटर बरामद किया गया। सभी शराब सिक्किम निर्मित बताई गयी है। कार्रवाई के दौरान टीम ने शराब से लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
बताया गया कि उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मथुरापुर थाना क्षेत्र में एक विवाह भवन के पास समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य पथ पर एक ट्रक संदिग्ध स्थिति में खड़ा है, जिसमें शराब लोड है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम निरीक्षक समीर कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और सड़क किनारे खड़े ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। इसके बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया। ट्रक नंबर के आधार पर मालिक के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।


