समस्तीपुर : गेहूं के खेत में मिला अज्ञात युवक का चेहरा झुलसा शव, पहचान छिपाने के लिये तेजाब से जलाया

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के डगरूआ गांव के वार्ड संख्या-8 में सोमवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एक गेहूं के खेत में अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार गांव के कुछ लोग खेत में काम करने गए थे, तभी उनकी नजर खेत के किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने अन्य ग्रामीणों को सूचना दी और फिर पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।


बताया जाता है कि शव मुसरीघरारी चौक से गांव की ओर जाने वाली पगडंडी के पास स्थित खेत में पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी पिंकी कुमारी तथा अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए। प्रथम दृष्टया शव की हालत देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे को किसी रसायन या तेजाब से जलाया गया हो। चेहरा बुरी तरह झुलसा हुआ पाया गया है। मृतक पैंट-शर्ट पहने हुए था और उसकी चप्पल शव के पास ही मिली।

शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि शव को लगभग चार-पांच दिन पहले यहां लाकर फेंका गया होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।

इस संबंध में सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि गेहूं के खेत से एक अज्ञात युवक का शव मिला है, जिसका चेहरा जला हुआ है। चेहरा किस पदार्थ से जलाया गया है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



