बर्ड फ्लू के एतिहात के तौर पर समस्तीपुर जिले के 20 प्रखंडों में 20 टीमें तैनात, अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील

समस्तीपुर : राजधानी पटना में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पूरे बिहार में स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। एहतियातन कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि समस्तीपुर जिले में अब तक बर्ड फ्लू का एक भी मामला सामने नहीं आया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी स्थान से संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक निगरानी अभियान शुरू कर दिया है। जिले के सभी 20 प्रखंडों में अलग-अलग 20 टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में पशुपालन विभाग के चिकित्सक, पैरावेट कर्मी एवं संबंधित कर्मचारी शामिल हैं।
टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर पोल्ट्री फार्म, मुर्गी बाजार एवं घरों में पाले जा रहे पक्षियों की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संदिग्ध पक्षियों के सीरम सैंपल और स्वैब सैंपल एकत्रित किए जा रहे हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए पटना के साथ-साथ हैदराबाद और भोपाल स्थित अधिकृत प्रयोगशालाओं में भेजा जा रहा है। अब तक भेजे गए किसी भी सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे प्रशासन ने फिलहाल राहत की सांस ली है।

बाजारों पर विशेष नजर, प्रशासन अलर्ट पर :
मुर्गी और अंडा बाजारों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पशुपालन विभाग के अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण कर रहे हैं। मुर्गा या अन्य पक्षी के किसी भी असामान्य मृत्यु या बीमारी की सूचना मिलने पर तत्काल टीम को अलर्ट पर रखा गया है। जिला पशुपालन अधिकारी अमन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अभी कहीं से भी पाॅजीटिव रिपोर्ट की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही, यदि कहीं बड़ी संख्या में पक्षियों की अचानक मौत होती है तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पशु चिकित्सालय या प्रखंड कार्यालय को देने को कहा गया है। फिलहाल समस्तीपुर जिले में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लगातार मॉनीटरिंग जारी है।






