समस्तीपुर/कल्याणपुर : कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसिंहपुर पंचायत के अकबरपुर गांव में सोमवार की देर शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब मारपीट मामले के एक वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में थाना अध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गुंजन सिंह मारपीट मामले में नामजद आरोपी हैं। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम उसके घर पर छापेमारी करने पहुंची थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और देखते ही देखते घरवालों एवं कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। आरोप है कि लोहे की रॉड से हमला किया गया और पुलिस वाहन का शीशा भी तोड़ दिया गया। हमले में थाना अध्यक्ष रणवीर कुमार राउत, एसआई ममता कुमारी, अभिजीत कुमार सतीश एवं मुकेश राय घायल हो गए। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. बी.के. ठाकुर ने बताया कि सभी पुलिस पदाधिकारियों का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति नियंत्रण में है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस लाइन से वज्र वाहन के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार और इंस्पेक्टर नीरज तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। इस संबंध में सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार ने बताया कि मारपीट मामले के नामजद अभियुक्त के घर छापेमारी के दौरान अचानक पीछे से ग्रामीणों द्वारा हमला किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनी हुई है। थाना अध्यक्ष रणवीर कुमार राउत के बयान पर थाने में 10 नामजद एवं 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने, लोहे की रॉड से हमला करने, पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने तथा पुलिस पदाधिकारियों पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के तहत कथित तौर पर बकाया दो लाख रुपये के भुगतान…
समस्तीपुर/पटोरी : पटोरी स्थित गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेंनिंग कॉलेज में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त कर…
समस्तीपुर : समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान…
समस्तीपुर/मोहनपुर : मोहनपुर थाना क्षेत्र में घटी एक आपराधिक घटना के बाद उसमें संलिप्त अपराधियों…
समस्तीपुर : जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के साथ डीपीओ, स्थापना कुमार सत्यम की…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बुधवार 25 फरवरी को तीन दिन के दौरे पर…