उजियारपुर में समाजसेवा की मिसाल बने राजू सहनी, पीड़ित परिवारों को दे रहे संबल
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर कमला पंचायत निवासी समाजसेवी राजू सहनी इन दिनों जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बने हुए हैं। वे प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में राशन, कपड़े, नगद राशि सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर गरीब, शोकाकुल और गंभीर रूप से बीमार लोगों की लगातार मदद कर रहे हैं। राजू सहनी अब तक सातनपुर, नाजिपुर, अंगारघाट, लोहागीर, भगवानपुर कमला, लखनीपुर महेशपट्टी समेत कई पंचायतों में अगलगी पीड़ितों, शोक संतप्त परिवारों एवं असहाय लोगों की सहायता कर समाज में एक मिसाल कायम कर चुके हैं।
इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी शंकर सदा के परिवार की मदद की। उल्लेखनीय है कि शंकर सदा की 50 वर्षीय पत्नी लीलिया देवी का बीते 27 जनवरी को खाना बनाने के दौरान अचानक निधन हो गया था। मृतका के निधन से गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार मृतका की कोई संतान नहीं है और परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है, जिससे श्राद्ध कर्म संपन्न कराने में परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी राजू सहनी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल अपने कार्यकर्ताओं को पीड़ित परिवार के घर भेजा और छह महीने का राशन सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस सहायता से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली और परिजनों ने राजू सहनी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर राजू सहनी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग यह कहकर भ्रम फैलाते हैं कि राहत सामग्री किसी के कहने पर दी गई है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने ऐसे लोगों से इस तरह की बातें पीड़ित परिवार से न कहने की अपील की और स्पष्ट किया कि वे यह मदद निस्वार्थ भाव से करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।

