समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर सदर अस्पताल की व्यवस्था सुधार को लेकर सख्त हुए सिविल सर्जन, 21 फरवरी को सभी डॉक्टरों की अनिवार्य बैठक

समस्तीपुर : सदर अस्पताल की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। अस्पताल में ड्यूटी में लापरवाही और चिकित्सकों की अनुपस्थिति की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 21 फरवरी को दोपहर 1:00 बजे सिविल सर्जन कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक बुलाई गई है। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में सदर अस्पताल समस्तीपुर के डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने आदेश जारी करते हुए अस्पताल में कार्यरत सभी चिकित्सा पदाधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, विशेषज्ञ महिला चिकित्सा पदाधिकारी, दंत चिकित्सा पदाधिकारी तथा आयुष चिकित्सा पदाधिकारी को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। स्पष्ट किया गया है कि बैठक में भाग नहीं लेने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि हाल ही में सिविल सर्जन के रूप में योगदान देने के बाद डॉ. राजीव कुमार ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आई थीं। मिली फीडबैक के अनुसार, कई चिकित्सकों का नाम ड्यूटी रोस्टर में दर्ज रहने के बावजूद वे नियमित रूप से अस्पताल में उपस्थित नहीं रहते हैं। विशेष रूप से संध्याकालीन ओपीडी में अधिकांश डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अस्पताल की बिगड़ी व्यवस्था और मरीजों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन ने यह बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि बैठक में उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर के सख्त पालन और ओपीडी संचालन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। अब देखना यह है कि बैठक के बाद अस्पताल की व्यवस्था में वास्तविक सुधार होता है या फिर स्थिति पूर्ववत बनी रहती है। फिलहाल प्रशासन की इस सख्ती से स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जरूर जगी है।

ProductMarketingAdMaker 14102019 082310

20201015 075150