राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्वास्थ्य जांच शिविर व ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम आयोजित

समस्तीपुर : राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, समस्तीपुर द्वारा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बुधवार को उच्च मध्य विद्यालय हांसा, समस्तीपुर में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन समस्तीपुर के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनके अधिकार, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित जानकारी प्रदान करना था।
राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्वास्थ्य जांच शिविर व ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम आयोजित#Samastipur pic.twitter.com/7coKHNOhtF
— Samastipur Town (@samastipurtown) February 18, 2026
आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा हीमोग्लोबिन जांच, रक्तचाप मापन एवं सामान्य स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। साथ ही पोषण, एनीमिया से बचाव, मासिक धर्म स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

‘सखी वार्ता’ सत्र के तहत छात्राओं एवं महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, बाल संरक्षण एवं महिला अधिकारों से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में मेडिकल टीम वारिसनगर, प्रयास संस्था के प्रतिनिधि, जवाहर ज्योति संस्थान समस्तीपुर, विद्यालय के शिक्षकगण, बाल विकास परियोजना कार्यालय वारिसनगर के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में समुदाय की महिलाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित पदाधिकारियों ने महिलाओं के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।





