होली से पहले समस्तीपुर में नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रक से 45 लाख की विदेशी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
समस्तीपुर : होली पर्व को लेकर राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत समस्तीपुर में मध निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में नेशनल-हाईवे 28 किनारे खड़े एक ट्रक से 4915.440 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में मध निषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि गंगापुर और अकलू चौक के बीच एनएच-28 किनारे एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें अवैध विदेशी शराब लदी हुई है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन कर तत्काल छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गई बड़ी खेप बरामद हुई। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि होली के मौके पर जिले में अवैध खपत और ऊंचे दामों पर बिक्री के उद्देश्य से यह शराब मंगाई गई थी। जब्त शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान औरंगाबाद जिले के शिवनगर निवासी मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि होली को देखते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी अभियान चला रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शराब माफियाओं की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

