समस्तीपुर के डॉ. निखिल आनंद गिरि T-20 विश्व कप में करेंगे आकाशवाणी से आधिकारिक कमेंट्री

समस्तीपुर : जिले के सोनवर्षा चौक निवासी एवं मौलाना मजहरुल हक अरबी फ़ारसी विश्वविद्यालय, पटना के पत्रकारिता विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. निखिल आनंद गिरि का चयन टी-20 विश्व कप में आकाशवाणी की ओर से आधिकारिक कमेंट्री के लिए हुआ है। उनके चयन से पूरे समस्तीपुर में हर्ष और गर्व का माहौल है।
डॉ. गिरि आगामी 1 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच खेले जाने वाले सुपर-8 के अहम मुकाबले का आंखों देखा हाल आकाशवाणी पर सुनाएंगे। यह मुकाबला टी-20 विश्व कप के महत्वपूर्ण चरण में खेला जाएगा, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। डॉ. निखिल आनंद गिरि ने अपनी मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई जामिया मिलिया इस्लामिया से पूरी की है। वे देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। एक कुशल वॉयस ओवर आर्टिस्ट और मंच संचालक के रूप में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।

विशेष बातचीत में डॉ. गिरि ने बताया कि पिछले वर्ष आकाशवाणी द्वारा खेल कमेंट्री के लिए आयोजित ऑडिशन में उन्होंने भाग लिया था, जिसमें उनका चयन कबड्डी और क्रिकेट दोनों के लिए हुआ। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली मेट्रो में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं और कई बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रमों का सफल संचालन किया है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की पहली ड्राइवरलेस मेट्रो सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम का संचालन भी शामिल है।
इसके अलावा राष्ट्रपति भवन परिसर स्थित अमृत उद्यान में भी आगंतुकों ने उनकी आवाज़ लगातार सुनी है। डॉ. निखिल आनंद गिरि की इस उपलब्धि पर पूरे समस्तीपुर जिले के लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। समस्तीपुर की धरती से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर अपनी आवाज़ का जादू बिखेरने जा रहे डॉ. निखिल आनंद गिरि निश्चित रूप से जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।







