समस्तीपुर के चर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड मामले में कुख्यात लूटेरा धरमा को पुलिस ने 48 घंटे के रिमांड पर लिया, जेल से लाकर हो रही पूछताछ
तस्वीर : गिरफ्तारी के बाद की फाइल फोटो
समस्तीपुर : नगर थाने की पुलिस ने चर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड मामले में गिरफ्तार धर्मनाथ सिंह उर्फ धरमा को 48 घंटे के रिमांड पर जेल से थाने पर लाया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। कोर्ट के आदेश पर दो दिन के रिमांड पर थाना लाये गये धरमा से पुलिस को लूटकांड से संबंधित और भी अहम सुराग हासिल हो सकते है। इस लूटकांड मामले में अब भी भारी मात्रा में सोने का आभूषण बरामद नहीं हो सका है। विगत वर्ष दिसंबर माह में पुलिस ने धरमा को उसके घर वैशाली जिले के विद्दूपर थाना क्षेत्र के मथुरा से गिरफ्तार किया था। उसके पास से पुलिस ने 350 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद जब्त किया था।
गौरतलब है कि यह लूट की वारदात 7 मई 2025 को दिनदहाड़े काशीपुर स्थित शाखा में हुई थी। जहां आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद अपराधियों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये नकद और 10 करोड़ रुपये से अधिक का सोना लूट लिया था। लूटा गया अधिकांश सोना गोल्ड लोन के रूप में बैंक में जमा था। अब तक इस लूटकांड में 3 किलो 485 ग्राम 186 मिलीग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। जबकी लूट का बड़ा हिस्सा करीब साढ़े सात किलो सोना अब तक पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि धरमा से पूछताछ के लिये कोर्ट के आदेश पर 48 घंटे का रिमांड लिया गया है। पूछताछ के दौरान उससे और भी सुराग हासिल हो सकते है। जल्द ही पुलिस अन्य आभूषणों की भी बरामदगी कर लेगी।

