Samastipur

समस्तीपुर : तीन दिनों बाद भी न्याय और अंतिम संस्कार की बाट जोह रही महिला की लाश, 10 वर्षीय बेटे की आंख अपनों के इंतजार में पथरायी

समस्तीपुर : तीन दिनों तक पोस्टमार्टम हाउस में पड़ी एक महिला की लाश न सिर्फ एक परिवार के टूटने की कहानी है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा करती है कि क्या व्यवस्था इतनी संवेदनहीन हो गई है कि मरने के बाद भी किसी को अपनाने वाला नहीं है। दरअसल नगर थाना क्षेत्र के बारह पत्थर मोहल्ले में मंगलवार की सुबह किराये के मकान से संदिग्ध हालत में महिला का शव बरामद किया गया था। घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद अब तक शव के अंतिम संस्कार के लिए लेने कोई नहीं आया है।

सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में शव यूं ही पड़ा हुआ है, जो व्यवस्था और सामाजिक संवेदनहीनता दोनों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। मृतका की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के अंगार गांव निवासी शैलेश पासवान की पत्नी पूनम कुमारी के रूप में हुई थी। पुलिस ने घटना के दिन ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था, ओर महिला के ससुराल में इसकी सूचना भी दी। लेकिन तीन दिन गुजर जाने के बाद भी न तो पति सामने आया और न ही ससुराल पक्ष ने शव को अपनाने की पहल की है।

बताया जाता है कि पति पहले से ही पत्नी को छोड़कर कहीं और रह रहा है, जबकि ससुराल वालों ने भी शव लेने से साफ इनकार कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ महिला की मौत रहस्य बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर उसका शव पोस्टमार्टम हाउस में पड़े रहना मानवीय संवेदना को झकझोरने वाला है। नियम के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाना चाहिए, लेकिन परिजनों के आगे न आने के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है। घटना के 72 घंटों बाद अस्पताल प्रबंधन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया है।

इधर, मृतका का दस वर्षीय पुत्र पंकज कुमार मां की मौत के बाद पूरी तरह अनाथ हो गया है। किसी अपने के आने के इंतजार में उसकी आंखे पथरा गयी है। फिलहाल वह मकान मालिक के पास है और पुलिस उसे चाइल्ड लाइन को सौंपने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। एक ओर मासूम का भविष्य अधर में है, दूसरी ओर मां का शव तीन दिनों से अंतिम विदाई का इंतजार कर रहा है। इधर नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार का कहना है कि परिजनों से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वह लोग आगे नहीं आ रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इधर प्रशासन द्वारा 72 घंटे बीत जाने के बाद शव के अंतिम संस्कार की भी व्यवस्था की जा रही है।

मृतका पूनम एक पत्नी, एक बहू व एक मां अब सिर्फ एक फाइल नंबर बनकर रह गई है। पति पहले ही जीवन की राह से मुंह मोड़ चुका था और अब मौत के बाद ससुराल वालों ने भी उससे रिश्ता तोड़ लिया है। किसी ने आगे बढ़कर यह नहीं कहा कि “यह हमारी बहू है, हमारी जिम्मेदारी है।” नतीजा यह कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसका शव सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस की ठंडी दीवारों के बीच पड़ा है।

पूनम की कहानी सिर्फ उसकी मौत तक सीमित नहीं है। यह उस दस वर्षीय बेटे पंकज की कहानी भी है, जिसने अपनी मां को सोते हुए नहीं, बल्कि हमेशा के लिए खामोश होते देखा। वही मासूम रोना, जो खिड़की से बाहर गूंजा था, आज भी सवाल बनकर तैर रहा है। मां तो चली गई, अब मेरा कौन है? मां का शव पोस्टमार्टम हाउस में पड़ा है और बेटा जीवन के सबसे कठिन मोड़ पर अकेला खड़ा है।

नियम, प्रक्रिया और कागजों के बीच कहीं मानवीय संवेदना दम तोड़ती दिख रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, कानूनी औपचारिकताएं बाकी हैं, लेकिन इन सबके बीच एक स्त्री की अंतिम यात्रा रुकी हुई है। वह यात्रा, जिसे परिजनों के कंधे मिलने चाहिए थे, अब शायद प्रशासन की जिम्मेदारी बनकर रह जाएगी।पोस्टमार्टम हाउस में पड़ा यह शव सिर्फ एक शव नहीं है। यह समाज के उस आईने की तरह है, जिसमें रिश्तों की सच्चाई, व्यवस्था की बेरुखी और संवेदना की कमी साफ झलकती है। तीन दिन से अंतिम विदाई की प्रतीक्षा करती पूनम का शव बहुत कुछ कह रहा है काश, सुनने वाला कोई होता।

Avinash Roy

Recent Posts

समस्तीपुर में पैक्स समितियों के व्यावसायिक विस्तार को लेकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

समस्तीपुर : सहकारिता विभाग की ओर से सोमवार को शहर के कर्पूरी सभागार में एक…

8 घंटे ago

एनडीए का क्लीन स्वीप; नीतीश, नितिन, कुशवाहा, रामनाथ और शिवेश राज्यसभा चुनाव जीते

बंगाल चुनाव से पहले एनडीए ने बिहार में राज्यसभा चुनाव में क्लीन स्वीप करते हुए…

11 घंटे ago

जान के सुरक्षा की मांग को लेकर समस्तीपुर कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठा पूरा परिवार, DM और SP से सुरक्षा की गुहार

समस्तीपुर : मोहनपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर सरारी गांव का एक परिवार सोमवार को कलेक्ट्रेट…

11 घंटे ago

ओवैसी-मायावती को मना लिया, लेकिन कांग्रेस और राजद के ही 4 विधायकों से गच्चा खा गए तेजस्वी

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के साथ राज्यसभा…

11 घंटे ago

बिहार पुलिस दारोगा प्रीलिम्स रिजल्ट 2026 जारी, दूसरे चरण के लिये 35857 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने बिहार सरकार के गृह विभाग में पुलिस दरोगा…

15 घंटे ago

बेगुसराय से गायब हुई दो बच्चों की माँ अपने बच्चों के साथ समस्तीपुर से बरामद

समस्तीपुर/अंगारघाट : बेगुसराय जिला के मंसूरचक थानांतर्गत तेमुहा गांव से 6 माह पूर्व हुई गायब…

19 घंटे ago