समस्तीपुर/दलसिंहसराय : दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के नगरगामा पंचायत अंतर्गत मधेपुर वार्ड संख्या-13 निवासी स्व. टेकने प्रसाद के पुत्र एवं शहर के जाने-माने व्यवसायी उत्तम प्रसाद (65 वर्ष) की शनिवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सरदारगंज चौक पर उस समय हुआ, जब वह ई-रिक्शा से उतरकर अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पार करने के दौरान बरौनी से समस्तीपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि उत्तम प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
दुर्घटना की खबर फैलते ही सरदारगंज चौक पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने चौक को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे एनएच-28 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर लगी बेरीकेटिंग हटाने और चौक के समीप लगने वाले मछली बाजार को हटाने की मांग की। लोगों का कहना था कि चौक पर रोजाना जाम और अव्यवस्था बनी रहती है, जिससे लगातार हादसों की आशंका बनी रहती है। गुस्साए लोगों ने नगर परिषद की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। गाड़ी के शीशे और हेडलाइट क्षतिग्रस्त कर दिए गए। भीड़ ने कुछ समय के लिए पुलिस बल को भी पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थिति बिगड़ी होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसके बाद डीएसपी विवेक कुमार शर्मा, बीडीओ राजीव कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा ट्रक को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की बेरीकेटिंग हटाने संबंधी मांग पर विचार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सरदारगंज चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है। नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि चौक के आसपास लगने वाले अस्थायी ठेलों और बाजार को व्यवस्थित करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद पूरे नगर में शोक का माहौल है। लोग उत्तम प्रसाद को एक ईमानदार और लोकप्रिय व्यवसायी के रूप में याद कर रहे हैं। देर शाम तक उनके घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा।
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के वारिसनगर प्रखंड अ राजकीयकृत भगवत ठाकुर इंटर विद्यालय, किशनपुर के…
बिहार में राशन कार्डधारियों के लिए राशन लेना पहले से मुश्किल हो सकता है. राज्य…
बिहार के गोपालगंज के एक युवक ने प्रेमिका के साथ फरार होने के बाद अपहरण…
बिहार के पूर्णिया कोर्ट से पंजाब के अमृतसर के बीच चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस समेत…
समस्तीपुर : समस्तीपुर पुलिस लाइन में तैनात एक महिला सिपाही की सदर अस्पताल में उपचार…
बिहार में शराबबंदी को सख्ती से धरातल पर उतारने निकली मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की…