समस्तीपुर : ज्वेलरी शोरूम से 60 से 70 लाख रुपये के आभूषण की भीषण चोरी, 3 साल पहले भी यहां दिनदहाड़े हुई थी लूटपाट व बदमाशों की पीट-पीटकर ह’त्या, बदमाशों की गोली से कपड़ा दुकानदार की हुई थी मौ’त
तस्वीर : सांकेतिक

समस्तीपुर/ताजपुर : ताजपुर बाजार के नीम चौक के पास रविवार देर रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोनी फैंसी ज्वेलर्स नामक आभूषण प्रतिष्ठान को निशाना बनाते हुए बदमाश लाखों के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी सोमवार सुबह दुकान खुलने पर दुकानदार को हुई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। चोर दुकान से करीब 28 किलो चांदी के जेवर, 60 ग्राम सोने के आभूषण और 20 हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 60 से 70 लाख रुपये से भी अधिक आंकी जा रही है। घटना से पूरे बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। मिलान होने पर यह रकम एक करोड़ से भी उपर जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, यह ज्वेलरी शॉप स्थानीय थाना चौक ठाकुरबाड़ी मार्ग निवासी जकी अहमद की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर छत के रास्ते दुकान के पीछे से अंदर उतरे और मेन गेट को तोड़कर भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने शो-केस और दराजों में रखे करीब 15 से 20 किलो चांदी के आभूषण समेट लिए। इसके अलावा नाक में पहनने वाले सोने के कील और कुछ नए-पुराने सोने के जेवर भी चोरी कर लिए गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान में लगे सीसीटीवी सिस्टम की हार्ड डिस्क भी खोलकर अपने साथ ले गए, ताकि पहचान के साक्ष्य मिटाए जा सकें। चोरी की कुल कीमत 60 से 70 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। दुकानदार के बड़े भाई वसी अहमद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर थाना और सदर एसडीपीओ-1 को अवगत कराया गया। सूचना पर मुफस्सिल इंस्पेक्टर संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दुकान का आकार बड़ा होने के कारण पुलिस को आशंका है कि कोई व्यक्ति पहले से दुकान के अंदर छिपा रहा होगा, जिसने मौका पाकर बाहर से अपने साथियों को बुलाकर छत का गेट खुलवाया और चोरी को अंजाम दिया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि सोने के कई नए आभूषण सेल्फ में सुरक्षित रखे होने के कारण बच गए। दुकान में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनके माध्यम से अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मुफस्सिल इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

2022 में हुई थी लूटपाट व हत्या :
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में भी इसी ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना हो चुकी है, जिसके बाद से दुकान और चौक पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा गार्ड की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।उस दिन ज्वेलरी शाॅप में लूट पाट करने आये बदमाशों पर दुकानदार ने लाइसेंसी हथियार तान दिया था। जिसके बाद वह लोग भागने लगे थे। भीड़ ने चार बदमाशों को पकड़ लिया था और जमकर पिटाई की थी। इसमें से एक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

बताया गया है कि गांधी चौक के पास भाग रहे एक बदमाश के हाथ में पिस्तौल देखकर वहां का कपड़ा दुकानदार मोहम्मद अशरफ उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ा तो बदमाश ने उस पर गोली चला दी थी। अशरफ की पीठ में गोली लगी थी। इलाज के दौरान अशरफ की मौत हो गयी थी। वहीं पकडे गए दो बदमाश को लोगों ने जमकर ईंट पत्थर से पिटाई की थी और बदमाश के बाइक को आग के हवाले कर दिया। उस दिन ताजपुर बाजार में जमकर बवाल हुआ था। मृतक बदमाश की पहचान समस्तीपुर जिले के ही मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रहने वाले अमन कुमार के रूप में की गई थी। वहीं घायल बदमाशों की पहचान चांद संखनी दलसिंहसराय निवासी शुभम कुमार, हसनपुर निवासी चंदन कुमार और उजियारपुर निवासी अंशु राज के रूप में हुई थी।
यहां देखें 2022 का वीडियो :




