समस्तीपुर पुलिस ने चोरी के आरोप में युवक को दो साल बाद किया गिरफ्तार, वारदात के बाद गिरफ्तारी के डर से भाग गया था महाराष्ट्र
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने की पुलिस ने चोरी के एक फरार आरोपी को दो साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रशांत कुमार (19 वर्ष) को उसके घर से पकड़ा गया। वह 2023 में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद गिरफ्तारी के डर से महाराष्ट्र भाग गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलारी गांव निवासी गंगा प्रसाद शाह के पुत्र प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। प्रशांत पर 2023 में जितवारपुर स्थित एक बंद घर में चोरी करने का आरोप है।
चोरी की घटना के बाद प्रशांत गिरफ्तारी से बचने के लिए महाराष्ट्र चला गया था, जहां वह मजदूरी कर रहा था। उसे लगा कि मामला शांत हो गया है, जिसके बाद वह लगभग एक महीने पहले अपने घर लौटा था। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि 2023 में शाहिद आलम द्वारा एक बंद घर में चोरी को लेकर थाना में मामला (545/23) दर्ज कराया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी प्रशांत कुमार अपने घर पर है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा।

