समस्तीपुर : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मुसरीघरारी–पटोरी मुख्य सड़क पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद युवक करीब आधे घंटे तक सड़क पर खून से लथपथ तड़पता रहा, लेकिन खून और भय के कारण कोई भी उसे उठाने की हिम्मत नहीं कर सका। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, लेकिन देर होता देख और घायल युवक की हालत को नाजुक देख स्थानीय युवक नसरुद्दीन फरिश्ता बनकर सामने आया।
बिना किसी भय और संकोच के वह तुरंत पास ही स्थित अपने घर से कार निकालकर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल युवक को लेकर सदर अस्पताल रवाना हो गया। इस बीच मुसरीघरारी थाने से डायल-112 की पुलिस टीम भी पहुंच गयी। इधर सदर अस्पताल पहुंचने पर जब अस्पताल कर्मियों को गाड़ी से जख्मी को उतारने में देरी हुई, तब नसरुद्दीन ने एक बार फिर इंसानियत की मिसाल पेश की। उसने खुद स्ट्रेचर उठाया और एक अन्य युवक की मदद से खून से लथपथ युवक को इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया। वहां डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, बेहतर इलाज के लिए दरभंगा ले जाने के क्रम में युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के नावकोठी निवासी रोहित कुमार के रूप में की गई है। परिजनों और रिश्तेदारों से मिली जानकारी के अनुसार रोहित मंगलवार की शाम बाइक से अपने एक रिश्तेदार के साथ पटना से बेगूसराय लौट रहा था। देर रात होने और घने कुहासे के कारण दोनों मुसरीघरारी में एक होटल में रुक गए थे। मंगलवार की सुबह रोहित चाय पीने होटल से बाहर निकला था, तभी सड़क पर तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही रोहित के रिश्तेदार भी होटल से सदर अस्पताल पहुंचे। इधर, मुसरीघरारी थाना की पुलिस ने घटना में शामिल ट्रक (BR01 GQ 2190) को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
इस हृदयविदारक घटना के बीच नसरुद्दीन द्वारा दिखाई गई इंसानियत लोगों के दिलों में एक गहरी छाप छोड़ गई है। जब सड़क पर तमाशबीन खड़े थे, तब नसरुद्दीन ने बिना किसी स्वार्थ के एक अनजान युवक की जान बचाने की हरसंभव कोशिश कर यह साबित कर दिया कि आज भी समाज में इंसानियत जिंदा है।
बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक तापमान चढ़ा हुआ है। इस बीच विधान परिषद…
बिहार में जमीन का दाखिल-खारिज कराना चाहते हैं, तो आवेदन करने से पहले जरूरी कागजात…
फाइल फोटो : बिहार में सरकारी शिक्षकों के तबादले का इंतजार लंबा होता जा रहा…
समस्तीपुर : बेटे के अपहरण की झूठी कहानी और जान से मारने की धमकी देकर…
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आरएनआर कॉलेज के समीप पुलिस ने गश्ती के दौरान…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही चौक पर थाना के पुराने…