समस्तीपुर में BJP नेता के ह’त्या मामले में तीन बदमाश सोनू-मोनू व हरि ठाकुर गिरफ्तार, सोनू के पाॅकेट से जिंदा गोली भी बरामद, FIR में 7 नामजद

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर पंचायत में बीजेपी नेता रूपक सहनी की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने कारवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्थानीय अजय कुमार चौधरी के पुत्र सोनू चौधरी और मोनू चौधरी के अलावे राजकुमार ठाकुर के पुत्र हरि ठाकुर के रूप में की गई है। आरोपी सोनू चौधरी के पाॅकेट से पुलिस ने जिंदा गोली भी बरामद किया है। इधर रूपक की हत्या का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में रूपक सहनी और गिरफ्तार आरोपी सोनू के बीच पूर्व के विवाद को लेकर बहस चल रहा है। इसी बहस के दौरान आरोपी गोली मारकर हत्या कर देता है। आरोपी सोनू गोली मारने से पहले कह रहा है कि तुझे थाने में कंप्लेन करने का शौक चढ़ा हुआ है, मेरे घर पर पुलिस क्यों भेजा? मरने का शौक है, लो अब शौक पूरा कर देते हैं। इतना कह कर ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुनाई पड़ने लगी। वहीं, अब इस घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह आरोपी के घर पर चढ़कर आगजनी और तोड़फोड़ कर दी और सड़क जाम कर दिया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम समाप्त कराया जा सका और शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेजा जा सका। गांव में तनाव देखते हुए तीन थानों की पुलिस कैंप कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है की निश्चित रूप से प्रशासन की लापरवाही की वजह से हत्या हुई है। वायरल वीडियो यह बताने के लिए काफी है कि भीड़भाड़ वाले जगह पर बेखौफ होकर आपराधिक घटना को अपराधी अंजाम दे रहे है। मृतक और उसके भाई ने अपने हत्या की आशंका को लेकर कई बार थानेदार, डीएसपी, एसपी व डीआईजी तक गुहार लगा चुके थे। लेकिन पुलिस ने इसे हल्के में लिया था।

24 घंटे बाद शव को भेजा गया पोस्टमार्टम में :
24 घंटे तक रूपक की लाश शादीपुर गांव स्थित घटनास्थल पर ही रखा रहा। घटना के बाद से ही डीएसपी सहित आधे दर्जन थाने की पुलिस के अलावा जिला पुलिस, लाइन एवं बीएमपी के जवान कैंप कर रही थी। बुधवार शाम एसपी भी पहुंचे थे। परिजन आरोपी को लोगों के हवाले करने तथा एनकाउंटर करने की मांग पर अड़े थे। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस के द्वारा लोगों को समझाने बुझाने के बाद गुरुवार देर शाम रूपक के लाश को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंपा गया। इधर रूपक की हत्या को लेकर खानपुर थाने में हत्या के मामले में 24 घंटे बाद परिजनों ने थाने में आवेदन दिया है।

FIR में 7 लोग नामजद :
खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शादीपुर गांव में बुधवार शाम भाजपा नेता रूपक सहनी की हुई हत्या को ले कर मृतक के भाई दीपक कुमार सहनी ने खानपुर थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस में सात लोगों को नामजद किया गया है। घटना को लेकर दिए गए आवेदन में दीपक ने बताया है कि बुधवार शाम करीब 6:00 बजे के आसपास उसके भाई कंप्यूटर दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। तभी साजिश के तहत शादीपुर घाट पर हनुमान मंदिर के पास अंधाधुंध फायरिंग कर रूपक सहनी की हत्या कर दी गई। प्राथमिकी में सात लोगों को आरोपित किया गया है। दर्ज कराई गई प्राथमिकी में शादीपुर गांव के ही जय कुमार चौधरी उर्फ पप्पू चौधरी, सोनू कुमार चौधरी, सदन कुमार चौधरी, मोनू कुमार चौधरी, अजय कुमार चौधरी, भुवनेश्वर चौधरी के अलावा इस पंचायत के सेदुखा गांव निवासी हरि ठाकुर को आरोपित किया गया है। जिसमें तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार लोगों में सोनू चौधरी, मोनू चौधरी व हरि ठाकुर शामिल है।
यहां देखें वायरल वीडियो :
समस्तीपुर में BJP नेता की ह'त्या का डरावना वीडियो आया सामने, मृतक अपने फोन में गुपचुप तरीके से कर रहा था रिकार्ड; बदमाश ने कहा- थाने जाने का शौक है न? लो पूरा कर देते हैं…, फिर ताबड़तोड़ गोलियों से भून डाला
खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर पंचायत में का मामला#Samastipur #BJP… pic.twitter.com/BEYMJgT4BJ
— Samastipur Town (@samastipurtown) December 25, 2025





