Samastipur

नये साल की पार्टी के लिए ‘फर्जी पुलिस’ बनकर सक्रिय हुए बकरी चोर, समस्तीपुर में फिल्मी अंदाज में 50 से अधिक बकरी-खस्सी की चोरी

समस्तीपुर : बिहार में पड़ रही कड़ाके की ठंड का फायदा उठाकर इन दिनों चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं।खासकर बकरी और खस्सी चोरी की घटनाओं में तेजी देखी जा रही है।चोर अब नए और फिल्मी तरीके अपनाते हुए खुद को पुलिसकर्मी बताकर ग्रामीणों को डराते-धमकाते हैं और मवेशियों को लेकर फरार हो जाते हैं। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बीते कुछ दिनों में 50 से अधिक बकरियों की चोरी हो चुकी है, जिससे पशुपालकों में दहशत का माहौल है।

ताजा मामला समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर कोदरिया पंचायत का है, जहां बीती रात स्कॉर्पियो सवार चोरों ने पुलिस का रौब दिखाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने वार्ड संख्या 3 और 4 के दो ग्रामीणों के घरों से करीब 45 हजार रुपये मूल्य के तीन खस्सी और दो बकरियां चुरा लीं।

मां काली मंदिर, वार्ड 3 निवासी जितेंद्र साह की पत्नी ने बताया कि सोमवार की रात उनके घर के बरामदे में दो बड़े खस्सी बंधे थे। संयोगवश उस रात कोई बाहर नहीं सोया था। देर रात स्कॉर्पियो से आए चोरों ने खूंटे से रस्सी काटकर दोनों खस्सी चोरी कर लिए। बगल में बंधी बकरियों के मिमियाने की आवाज पर परिजन जागे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। चोरी गए दोनों खस्सी की कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

जितेंद्र साह की भाभी मंजू देवी ने बताया कि रात करीब 12 बजे वह अपने बीमार ससुर, सेवानिवृत्त रेलकर्मी सोनेलाल साह को दवा खिला रही थीं। उसी दौरान श्रवण चौक की ओर से एक स्कॉर्पियो आई, जिस पर लाल-नीली पुलिस बत्ती जल रही थी। वाहन से उतरे चार लोगों में से दो उनके पास आए और बोले कि प्रवेश राय को थाना के बड़े बाबू बुला रहे हैं। इसी दौरान उनके अन्य साथी चुपचाप बरामदे से खस्सी खोलकर वाहन में लाद ले गए और मौके से फरार हो गए। इसी रात वार्ड संख्या- 4 निवासी मुकेश ठाकुर के घर के पास क्वार्टर के नीचे बंधे एक खस्सी और दो बकरियों को भी चोरों ने निशाना बनाया। खूंटे से रस्सी काटकर मवेशियों को गायब कर दिया गया।

मुकेश ठाकुर की मां देवेंती देवी ने बताया कि चोरी गए मवेशियों की कीमत करीब 25 हजार रुपये है। इतना ही नहीं, चोरों ने जितेंद्र साह के भाई चिंटू साह के घर भी हाथ साफ करने की कोशिश की, लेकिन परिवार के लोगों के जाग जाने से वे वहां सफल नहीं हो सके। स्थानीय लोगों के अनुसार स्कॉर्पियो पहले आलमपुर की ओर से आई, पंचायत सरकार भवन के पास घूमी और फिर एक-एक कर कई घरों में वारदात को अंजाम देते हुए वापस आलमपुर की ओर निकल गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के पशुपालकों में भय और पुलिस के प्रति आक्रोश है। ग्रामीणों ने थाने में लिखित शिकायत देने के साथ-साथ रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

गौरतलब है कि इससे पहले विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह स्कॉर्पियो सवार चोर पुलिस बनकर पहुंचे थे और एक गांव से करीब 30 से अधिक बकरियों की चोरी कर फरार हो गए थे। उस मामले का खुलासा भी अभी तक नहीं हो पाया है कि चोरों ने दूसरे थाना क्षेत्र में फिर वारदात को अंजाम दे दिया। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि ठंड के मौसम में बकरी चोर गिरोह ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। पुलिस लगातार निगरानी और गश्ती कर रही है, लेकिन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर बिना नंबर प्लेट या ढके हुए नंबर की गाड़ियों से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

Avinash Roy

Recent Posts

समस्तीपुर : ADMO अनुष्का श्रीवास्तव को महिला वर्ग और ADM ब्रजेश कुमार को पुरुष वर्ग का खिताब

समस्तीपुर : शहर के पटेल मैदान स्थित क्रीड़ा भवन में पदाधिकारी एवं बैंकर्स के संयुक्त…

1 घंटा ago

मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में समस्तीपुर जिला प्रशासन ने बैंकर्स एकादश को 6 रनों से हरा ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

समस्तीपुर : शहर के पटेल मैदान में जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित मैत्रीपूर्ण कॉस्को…

1 घंटा ago

समस्तीपुर में 79 केंद्रों पर आज से इंटर की परीक्षा शुरू, हर सेंटर पर वीडियोग्राफी और तीन लेयर सुरक्षा की व्यवस्था

समस्तीपुर : बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा की आज से शुरुआत हो गई है, जो…

7 घंटे ago

समस्तीपुर में क्रेडिट कार्ड का ऑफर देकर धोखाधड़ी से 80 हजार रुपये उड़ाने की FIR दर्ज

समस्तीपुर/विभूतिपुर : समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहन निवासी गौतम कुमार ने आनलाइन…

8 घंटे ago

पटना के मरीन ड्राइव पर अब बस में होगी पार्टी, डबल डेकर बस में मना सकेंगे जन्मदिन और खास मौके

जेपी गंगा पथ पर चलने वाली डबल डेकर बस अब सिर्फ सैर का जरिया नहीं…

8 घंटे ago