ताजपुर गांधी चौक पर बेहोश हालत में मिली महिला को सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती, पास ही सल्फास की पैकेट बरामद
समस्तीपुर/ताजपुर : ताजपुर थाना क्षेत्र के गांधी चौक के पास मंगलवार को एक महिला बेहोशी की अवस्था में मिली, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने युवती के पास से सल्फास व संदिग्ध जहर का पैकेट बरामद किया। तुरंत उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
बेहोश मिली युवती की पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के लश्कारा निवासी बसंत सहनी की पत्नी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक उपचार के लिए उसे पहले ताजपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज जारी है।
इस संबंध में ताजपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। वहां युवती बेहोश पड़ी मिली और उसके पास से सल्फास के पैकेट भी मिले। महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

