समस्तीपुर सदर अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर उल्लंघन मामले में DM ने लिया संज्ञान, DS ने 5 डॉक्टरों को नोटिस भेज 24 घंटे में मांगा जबाब
डॉक्टरों द्वारा संतोषजनक जवाब मिलने तक उनका एक दिन का वेतन रोकने का आदेश

समस्तीपुर : सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी रोस्टर के उल्लंघन का मामला अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले पर डीएम रौशन कुशवाहा ने भी संज्ञान लिया है। वहीं दूसरी ओर रोस्टर के उल्लंघन मामले में अस्पताल प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पांच डॉक्टरों को शो-कॉज नोटिस जारी कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।सूत्रों के अनुसार, तय रोस्टर में जिन डॉक्टरों की ड्यूटी दर्ज थी, वे समय पर उपस्थित नहीं हो रहे थे। उनकी जगह दूसरे डॉक्टर लगातार कई शिफ्ट तक काम करते पाए गए।
मामले को गंभीर मानते हुए सिविल सर्जन के निर्देश पर डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने डॉ. मनीष कुमार, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. उत्सव कुमार और डॉ. एनके चौधरी को नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट लिखा गया है कि रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर उपस्थित न होना कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। चारों डॉक्टरों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही संतोषजनक जवाब मिलने तक उनका एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया है।

इसी क्रम में, अन्य डॉक्टरों की अनुपस्थिति के बीच लगातार कई शिफ्ट संभालने वाले डॉ. संतोष कुमार झा को भी अलग से नोटिस जारी किया गया है। आरोप है कि उन्होंने लगातार 30 घंटे तक ड्यूटी की, जो इमरजेंसी सेवा प्रोटोकॉल और रोस्टर मानकों का गंभीर उल्लंघन है। उनसे भी 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इमरजेंसी वार्ड में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉक्टरों के स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

बयान :
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रोस्टर का उल्लंघन गंभीर मामला है। दोषी पाये जाने पर कारवाई की जाएगी। मैं गोपनीय तरीके से भी सदर अस्पताल में इसकी जांच करवा रहा हूं। सदर अस्पताल से और भी अनियमितता की शिकायत लगातार मिल रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रोशन कुशवाहा, डीएम, समस्तीपुर





