समस्तीपुर : बंद घर से भारी मात्रा में जेवरात चोरी मामले में महिला समेत 4 गिरफ्तार, 10 वर्षों से काम करने वाली नौकरानी ही निकली लाइनर

समस्तीपुर/रोसड़ा : शहर के बड़ी दुर्गा स्थान मोहल्ले में बीते बुधवार की रात हुए भीषण चोरी कांड का रोसड़ा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शनिवार को रोसड़ा थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में इंस्पेक्टर लालबाबू कुमार ने पूरे मामले की जानकारी दी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में फुलवरिया मोहल्ला निवासी मनोज सहनी की पत्नी सीमा देवी, इसी मोहल्ले के प्रमोद सहनी का पुत्र विक्की कुमार, तेजू सहनी का पुत्र आर्यन कुमार तथा प्रभु ठाकुर मोहल्ला निवासी स्व. मेघु ठाकुर का पुत्र शशि ठाकुर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गयी सोने की ईयर रिंग, घटना के दौरान प्रयुक्त हथौड़ी व पिलास भी बरामद की है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद कांड संख्या 409/25 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर लालबाबू कुमार, एसआई सुभाषचंद्र मंडल, पीएसआई चंदन कुमार, एसआई अवनीश कुमार, पीटीसी राजू कुमार सिंह एवं अन्य पुलिसबल ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पूछताछ में विक्की व आर्यन ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए जेवरात को शहर के स्वर्णकार कारीगर शशि ठाकुर को बेच दिया था। उनकी निशानदेही पर शशि ठाकुर के घर छापेमारी कर एक ईयर रिंग और ज्वेलरी का झोला बरामद किया गया। इस दौरान यह भी खुलासा हुआ कि घर में कामकाज करने वाली नौकरानी सीमा देवी ने लाइनर की भूमिका निभाई थी। मुख्य आरोपी विक्की, आर्यन और लाइनर सीमा तीनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

दस वर्षों से काम करने वाली नौकरानी ही निकली लाइनर :
जेवरात चोरी कांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पीड़ित परिवार के यहां पिछले दस वर्षों से कामकाज देख रही नौकरानी सीमा देवी ही चोरी की मुख्य लाइनर निकली। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि सीमा ने ही पूरे घटनाक्रम की साजिश रची थी और घर के अंदर घुसने का रास्ता भी बताया था।

पुलिस के अनुसार चोरी की रात सीमा घटनास्थल पर मौजूद थी। उसने मुख्य आरोपी विक्की और आर्यन को घर में प्रवेश करने का सुरक्षित रास्ता दिखाया और टॉर्च की मदद से उन्हें संकेत देती रही। आरोपियों ने बताया कि सीमा वर्षों से घर के हालात, कमरों की स्थिति तथा ज्वेलरी रखने के स्थान से अच्छी तरह परिचित थी, जिसका फायदा उठाकर उसने चोरी की योजना तैयार की। इधर, घटना के खुलासे के बाद पीड़ित परिवार विश्वासघात से सदमे में है, क्योंकि सीमा वर्षों से परिवार का हिस्सा बनकर काम कर रही थी।




