समस्तीपुर काॅलेज स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर गड़बड़ी का आरोप लगा RJD ने वीडियो किया वायरल, जिला प्रशासन ने किया खंडन
समस्तीपुर : समस्तीपुर काॅलेज स्थित स्ट्रांग रूम के ठीक बाहर बेवकास्टिंग के दौरान एनआईसी अधिकारी व बीएसएनएल अधिकारियों द्वारा जांच करने और टेक्निकल फाॅल्ट दूर करने करने लिये शनिवार को कार्य किये जा रहे थे। इसकी सारी फूटेज बेवकास्टिंग के माध्यम से काॅलेज के बाहर अभिकर्त्ता कक्ष में डिस्प्ले पर हो रही थी। इस दौरान किसी अभिकर्त्ता ने इसकी मोबाईल से रिकार्डिंग कर मोहिउद्दीननगर विधानसभा स्ट्रांग रूम में गड़बड़ी का आरोप लगा सोशल मीडिया पर वीडियो को वायरल कर दिया।

इसके बाद इस वीडियो को राजद के आफिसियल फेसबुक और एक्स अकाउंट पर भी शेयर कर दिया गया। गड़बड़ी की अफवाह पर आनन-फानन में मोहिउद्दीननगर से राजद प्रत्याशी एज्या यादव भी समस्तीपुर काॅलेज स्थित स्ट्रांग रूम पहुंच गयी। हालांकि वहां पहुंचने पर उन्हें संतुष्टि हुई की यहां कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। एनआईसी के अधिकारी ने बताया की टेक्निकल फाॅल्ट को दूर किया जा रहा था। मोहिउद्दीननगर प्रत्याशी को किसी अभिकर्त्ता के वीडियो के कारण भ्रम हो गया था। पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद वह रवाना हो गयी। इसको लेकर जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी ने खंडन करते हुए प्रेस रिलीज जारी की है।

