समस्तीपुर के शहीद जवान कौशल मिश्र के अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़, सिमरिया घाट पर अंतिम संस्कार
समस्तीपुर : झारखंड के सारंडा जंगल में नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में शहीद हुए सीआरपीएफ 60 बटालियन के इंस्पेक्टर कौशल कुमार मिश्रा का पार्थिव शव गुरुवार देर रात उनके पैतृक गांव रहीमपुर रुदौली पहुँचा। शव पहुंचते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। वीर सपूत के अंतिम दर्शन को ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
परिजनों के साथ पहुंचे सीआरपीएफ जवानों ने शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी गांव पहुंचे। गांव में माहौल गमगीन रहा, वहीं परिवार के सदस्य लगातार बिलखते रहे। शहीद की पत्नी, बेटा-बेटी और अन्य परिजनों को सांत्वना देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
— Samastipur Town (@samastipurtown) October 31, 2025
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि शहीद इंस्पेक्टर मिश्रा को पूरे राजकीय सम्मान के साथ शुक्रवार को बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल गांव में तैनात है। प्रशासन ने अंतिम यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली है। गांव के लोग बताते हैं कि कौशल मिश्रा बेहद मिलनसार और साहसी स्वभाव के थे। कुछ ही दिन पहले छुट्टी बिताकर वे ड्यूटी पर लौटे थे। उनकी शहादत से पूरा इलाका शोक में डूबा हुआ है, लेकिन उनके वीरत्व पर सभी को गर्व है।

