उजियारपुर में गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक से 1405 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक व उपचालक धराया
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनएच-28 पर एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से की।
गोपनीय सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक 10 चक्का ट्रक से 1405 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जो सैकड़ों कार्टनों में छिपाकर लाई जा रही थी। शराब को ट्रक के केबिन के पीछे विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त खांचे में छिपाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य से शराब की बड़ी खेप उजियारपुर होते हुए लाई जा रही है। इसके बाद स्थानीय उजियारपुर थाने की पुलिस के सहयोग से टीम ने चांदचौर गांव स्थित एक लाइन होटल के पास संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक के नवनिर्मित गुप्त केबिन से शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक और उपचालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई है। मामले की जांच जारी है।

