समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र में 9 महीने में चोरी की 90 घटनाएं, 30 से अधिक वाहनों की चोरी

समस्तीपुर : शहर में चोरी का सिलसिला थम नहीं रहा है। आए दिन चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसमें वाहन एवं घर व दुकान में चोरी की घटनाएं प्रतिवेदित हुई हैं। इस वर्ष अकेले नगर थाना क्षेत्र में 90 से अधिक चोरी की घटनाएं प्रकाश में आई है। वहीं, वाहन चोरों ने शहर में आतंक मचाया हुआ है। शहर आए दिन में किसी न किसी जगह वाहनों की चोरी हो रही है। वाहनों की चोरी होने के बाद वाहन स्वामी थाना में आवेदन देते हैं और पुलिस प्राथमिकी कर जांच करने की बात कहती है, लेकिन वाहनों की बरामदगी नहीं होने से वाहन स्वामी थाना का चक्कर लगाने को मजबूर होते हैं।
नगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों से अब तक 30 के करीब वाहनों की चोरी हुई है। डीएम आवास के पास से, एसडीओ ऑफिस, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आवास एवं एसडीपीओ ऑफिस के सामने, सदर अस्पताल, कचहरी कैंपस चोर कहीं से भी बड़े आराम से वाहन चुरा ले जाते हैं। बावजूद इसके पुलिस न तो इस गिरोह का पता लगा सकती है और ना ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं पर लगाम लगा सकी है।

बाइक व बड़े वाहनों की भी हुई चोरी नगर थाना के बिलकुल पीछे अवस्थित गांधी पार्क में भी चोरों ने चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। इसमें घर, विद्यालय व गोदाम में चोरी और बाइक चोरी की घटनाएं शामिल हैं। इसके अलावा शहर के नगर थाना के पास, एसडीओ ऑफिस, एसडीपीओ ऑफिस के पास (पटेल मैदान), चीनी मिली चौक, पुरानी पोस्ट ऑफिस गली, पुरानी पोस्टमार्टम गली, आजाद चौक एवं स्टेशन रोड आदि जगहों पर बाइक चोर गिरोह के सदस्य मंडराते रहते हैं। इन जगहों पर उन्होंने बाइक सहित कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।

बयान :
वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही वाहन चोरों को पकड़ कर उनके गिरोह का खुलासा करेगी।
– शिवकुमार यादव, थानाध्यक्ष, नगर थाना, समस्तीपुर





