समस्तीपुर : विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शहर के पटेल मैदान में मंगलवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा एमएलसी डॉ. तरुण कुमार, समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी, वैशाली की सांसद वीणा देवी, पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा समेत एनडीए के सभी घटक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।इस दौरान मुसलाधार बारिश के बावजूद भी सम्मेलन स्थल पर कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल और तेजस्वी एसआईआर के मुद्दे को हउआ बनाकर अल्पसंख्यक समाज को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। अल्पसंख्यक कांग्रेस और आरजेडी के सॉफ्ट टारगेट बने हुए हैं। ये दोनों दल उन्हें अपनी कठपुतली समझकर राजनीतिक रोटियां सेकना चाहते हैं। सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए में किसी तरह का मतभेद नहीं है। सभी दल एकजुट हैं और नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। सही समय पर आपसी तालमेल के बाद सीट शेयरिंग मुकम्मल तरीके से तय कर ली जाएगी। वहीं महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वहां कांग्रेस और राजद के बीच आंतरिक कलह जारी है। लेफ्ट पार्टियों की स्थिति तो और भी खराब है।
समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी ने भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। तेजस्वी यादव की यात्रा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आज बिहार में इतनी अच्छी सड़कें बनी हैं, इतना विकास हुआ है कि कोई भी कहीं भी यात्रा कर सकता है। चुनाव की वजह से ही तेजस्वी यादव बिहार घूम रहे हैं। चुनाव खत्म होने के बाद वे सिर्फ सोशल मीडिया पर ही नजर आएंगे। इस यात्रा से उन्हें कोई फायदा नहीं होने वाला है। प्रशांत किशोर पर भी उन्होंने हमला बोला। सांसद ने कहा कि पीके का कोई ठोस विजन या आइडिया नहीं है। वे बस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नेताओं पर निशाना साधते रहते हैं। हमला करते-करते चुनाव ही खत्म हो जाएगा और उन्हें पता भी नहीं चलेगा। एनडीए के लिए वे किसी भी रूप में घातक साबित नहीं होंगे। एनडीए पूरी ताकत के साथ सत्ता में वापसी करेगा।
भारी बारिश के बावजूद सम्मेलन में जुटे कार्यकर्ताओं के जोश ने साफ कर दिया कि चुनावी मैदान में एनडीए पूरे दमखम के साथ उतरने की तैयारी कर चुका है। बारिश के बाद पटेल मैदान में मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई। बावजूद काफी संख्या में लोग डटे रहे। संबोधन के दौरान मंत्री विजय चौधरी का विशेष फोकस महिलाओं पर रहा। करीब 20 मिनट के भाषण में वह नीतीश सरकार की उपलब्धियों को गिनाये। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों के माध्यम से सरकार प्रत्येक ग्रामीण परिवार को स्वावलंबी बनाने में जुटी है।
जल-जीवन-हरियाली के तहत जो तालाब विकसित किए गए हैं, आने वाले दिनों में उसमें मछली पालन के लिए भी जीविका दीदियों को ही अवसर प्रदान किया जाएगा। पशुपालन, मुर्गा पालन सहित अन्य विधाओं में पूर्व ही जीविका दीदियों को स्वरोजगार के लिए राशि और तकनीकी सहयोग प्रदान की जा रही है। वर्ष 2005 में एनडीए के सरकार गठन के साथ ही बिहार में विकास के काम पटरी पर लौटने शुरु हो गए। अब बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है। लेकिन विपक्ष बार-बार अल्पसंख्यकों को भाजपा का डर दिखाता है। जबकि एनडीए की सरकार ने सभी समुदाय के लिए काम किया है। ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि आने वाले चुनावों में जो हमारे लिए काम कर रहा है, उसे और मजबूत करें, उसका साथ दें।
इस अवसर पर चिकित्सक सह जदयू कार्यकर्ता डॉ. मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पारदर्शिता और जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने स्वेच्छा से सरकारी सेवा से त्यागपत्र दिया है और अब उनकी पूरी निष्ठा समस्तीपुर की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सुशासन में हर घर तक नल का जल और रोशनी पहुँची है, परिवारों को मुफ्त बिजली मिली है, पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है और शिक्षा, स्वास्थ्य व सड़क जैसे क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं। उन्होंने समस्तीपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि यहाँ रामजानकी मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई है, आईटीआई खोले गए हैं और अस्पतालों में नए-नए विशेषज्ञ विभाग प्रारंभ किए गए हैं। डॉ. सिंह ने विश्वास जताया कि 2025 से 2030 तक बिहार के विकास का नाम केवल नीतीश कुमार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सात निश्चय योजना ने बिहार की तस्वीर और तक़दीर दोनों बदल दी है। अपने संबोधन के अंत में डॉ. सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी चुनाव में यह न देखें कि उम्मीदवार किस दल का है, बल्कि यह याद रखें कि हम सब एनडीए हैं और हमें एकजुट होकर एनडीए को ही मजबूत करना है।
समस्तीपुर : सहकारिता विभाग की ओर से सोमवार को शहर के कर्पूरी सभागार में एक…
बंगाल चुनाव से पहले एनडीए ने बिहार में राज्यसभा चुनाव में क्लीन स्वीप करते हुए…
समस्तीपुर : मोहनपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर सरारी गांव का एक परिवार सोमवार को कलेक्ट्रेट…
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के साथ राज्यसभा…
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने बिहार सरकार के गृह विभाग में पुलिस दरोगा…
समस्तीपुर/अंगारघाट : बेगुसराय जिला के मंसूरचक थानांतर्गत तेमुहा गांव से 6 माह पूर्व हुई गायब…