समस्तीपुर में जिला स्तरीय बाल विज्ञान शोध कार्यक्रम कार्यशाला का किया गया आयोजन

समस्तीपुर : शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में कक्षा 7वीं से 12वीं तक के बच्चों के लिए द्वितीय बिहार बाल विज्ञान शोध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी योजना एवं लेखा नीतेश कुमार, आर. एन. ए.आर. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. भोला चौरसिया, वर्तमान प्राचार्य सुरेंद्र प्रसाद, समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर की डॉ. प्रो. उमा सिन्हा, जिला समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार, जिला शैक्षिक समन्वयक संजय प्रसाद, डीएवी पब्लिक स्कूल के वरीय शिक्षक ललन कुमार एवं अन्य गणमान्यों द्वारा सामूहिक रूप से किया गया।
जिसमें जिले भर से आए हुए सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालय के विज्ञान के शिक्षक एवं विज्ञान में अभिरुचि रखने वाले शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बाल विज्ञान शोध के इस कार्यक्रम में जिला स्तरीय शिक्षक दिशा निर्देशन सह प्रशिक्षण कार्यशाला के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा एवं पर्यावरणीय स्वास्थ्य के लिए प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन विषय पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। RDS कॉलेज, मुजफ्फरपुर के सेवानिवृत्ति डॉ. प्रो. एन. पी. राय ने खाद्य सामग्री का बेहतर उत्पादन, भंडारण एवं परिष्करण पर चर्चा की। साथ ही जैव विविधता का संवर्धन एवं जैव संसाधनों का सतत उपयोग कैसे हो, इस पर भी प्रकाश डाला।

वहीं आर. एन. ए. आर. के वर्तमान प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र प्रसाद ने खरपतवार का अध्ययन एवं उनका वैकल्पिक उपयोग पर विशेष चर्चा की साथ ही मिट्टी का संरक्षण एवं प्रबंधन कैसे हो, विषय पर भी विस्तृत रूप से रोशनी डाली। आर.एन.ए.आर. पूर्व प्राचार्य डॉ. प्रो. भोला चौरसिया ने पर्यावरणीय व्यवस्था के तहत मौसम, जलवायु एवं कृषि संसाधनों पर विस्तार से बताया। इसके अलावे आए हुए तमाम अन्य तकनीकी विशेषज्ञों ने बच्चों के स्थानीय समस्याओं की समझ बढ़ाने पर जोर दिया और उसके समुचित हल खोजने पर परियोजना कार्य करने का निर्देश दिया।

एकदिवसीय इस कार्यशाला को सफल बनाने में स्थानीय डीएवी स्कूल के शिक्षक राघवेंद्र कुमार दुबे, प्रभारी शिक्षक राघवेंद्र कुमार झा, अधिकृत शिक्षक ललन कुमार, वरीय शिक्षक शांतनु कुमार, शिक्षक एमएन गुप्ता तथा आयोजन समिति के सदस्य डॉ. विकास कुमार गुप्ता, साहिबा हसन, परमानंद कुमार, मीडिया प्रभारी अनुज कुमार एवं अन्य विद्यालयी शिक्षक एवं अन्य शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भरपूर सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में बिहार बाल विज्ञान शोध कार्यक्रम, समस्तीपुर के पूर्व जिला समन्वयक डॉ. अबू नसर साहब की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर सैकड़ो की संख्या में विज्ञान एवं विज्ञान में अभिरुचि रखने वाले शिक्षक मौजूद रहे।





