समस्तीपुर DM ने विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, अब तक BLA स्तर से कोई दावा या आपत्ति प्राप्त नहीं
समस्तीपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष/सचिव के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी दलों से अपील की कि सभी मतदान केन्द्रों पर कार्यरत BLO को सहायता प्रदान करने के लिए अपने BLA को सक्रिय करें। उन्होंने बताया कि 13 दिन बीत जाने के बाद भी BLA के स्तर से कोई दावा या आपत्ति प्राप्त नहीं हुई है। साथ ही निर्देश दिया कि BLA द्वारा दावा/आपत्ति के साथ अनिवार्य रूप से घोषणा पत्र भी प्रस्तुत किया जाए।
बैठक के दौरान CPI (माले) के प्रतिनिधि ललन कुमार ने जानकारी दी कि 132-वारिसनगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या-171 में 50 से अधिक लोगों के नाम प्रारूप मतदाता सूची से गायब हैं। इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, भाजपा जिला प्रवक्ता मुकेश कुमार सिंह, RJD जिला प्रवक्ता भिखाड़ी लाल प्रसाद सिंह, जदयू जिला उपाध्यक्ष धर्मदेव सिंह कुशवाहा, कांग्रेस जिला महासचिव उपेंद्र नाथ तिवारी, RLJP जिला अध्यक्ष विनय कुमार चौधरी, LJP(R) अध्यक्ष हीरा सिंह, बसपा जिला अध्यक्ष अभय कुमार सुमन एवं भाकपा माले के ललन कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

