रोसड़ा में पंचायत समिति सदस्य पति पर हुई गोलीबारी मामले में 5 नामजद पर FIR दर्ज, एक गिरफ्तार

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर/रोसड़ा : बीते शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र के बटहा में चकथात पूरब पंचायत के पंसस मंजू देवी के पति सुरेश प्रसाद सिंह पर बदमाशों द्वारा की गयी गोलीबारी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। इस मामले में पांच आरोपियों को नामजद किया गया है। वहीं पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार के जेल भेज दिया है। इस संबंध में एसएचओ इंस्पेक्टर लालबाबू कुमार ने बताया कि धराया आरोपी थाना क्षेत्र के बटहा निवासी विश्व कुमार महतो का पुत्र सौरभ कुमार उर्फ मनटुन है।
उन्होंने बताया कि जख्मी सुरेश प्रसाद सिंह के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिसमें बटहा के ही जयनारायण महतो का पुत्र प्रभात कुमार पिंटू व उसका सहोदर भाई बबलू महतो तथा इसी गांव के विश्व कुमार महतो का पुत्र मणिभूषण प्रसाद उर्फ मनोहर व उसका सहोदर भाई सौरभ कुमार उर्फ मनटुन एवं रामनरेश महतो का पुत्र निर्दोष कुमार शामिल है।

फर्द बयान में पीड़ित ने कहा है कि शनिवार की सुबह वह घर से खैरा चौक की तरफ आ रहे थे तभी एक बाइक पर सवार प्रभात उर्फ पिंटू, मणिभूषण उर्फ मनोहर तथा निर्दोष आया और गोली फायर कर दी, जो उनके दाहिने बांह में लगी। जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

पीड़ित ने कहा है कि उन्हें पूरी आशंका है कि इस घटना का षड्यंत्र रचने में सौरभ उर्फ मनटुन और बबलू महतो ने अपनी भूमिका निभायी है। इनलोगों की मंशा उनकी जान लेने की थी। बता दें कि तीन माह पूर्व अप्रैल व मार्च में भी इन आरोपियों के द्वारा पीड़ित पर फायरिंग की गयी थी। उस घटना में पीड़ित बाल-बाल बच गए थे। इधर, जख्मी सुरेश प्रसाद सिंह का ईलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। वह खतरा से बाहर बताए जा रहे हैं।





