समस्तीपुर में अब भूतपूर्व सैनिक समाज सेवा में निभाएंगे अहम भूमिका, आंगनवाड़ी केंद्रों को लेंगे गोद
समस्तीपुर : सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सोमवार अनुमंडल कार्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भूतपूर्व सैनिकों द्वारा समाजिक कार्यों में दिए जा रहे योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि भूतपूर्व सैनिक अपने अनुभव और सेवा भावना से समाजहित में विशेष भूमिका निभाएंगे। विशेष रूप से वे अपने क्षेत्र के एक या दो आंगनवाड़ी केंद्रों को गोद लेकर पोषण, शिक्षा और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर सामाजिक संरचना को मजबूत बनाना और भूतपूर्व सैनिकों को समाज सेवा से जोड़ना है। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कई समाजसेवी भी उपस्थित रहे। अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इसे अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

