समस्तीपुर में ग्रामीणों ने आवास सहायक को बनाया बंधक, नाम जोड़ने के लिए 2 हजार रुपए घुस लेने का आरोप

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर/खानपुर : समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड अंतर्गत दिनमनपुर पंचायत के बरगामा गांव में आवास योजना में नाम जोड़ने के नाम पर एक महिला से 2 हजार रुपए घूस लेने के आरोप में आवास सहायक को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। मामले की जानकारी पर स्थानीय पुलिस और प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि बड़गामा गांव की लीला देवी नामक महिला से आवास सहायक द्वारा 2 हजार रुपए का घूस नाम जोड़ने के लिए लिया गया था। करीब 8 दिन पूर्व की यह बात है। सोमवार को आवास सहायक फिर उसी गांव में अन्य लोगों का भी नाम जोड़ने के लिए पहुंचे तो महिला द्वारा ग्रामीणों को इस बात की जानकारी दी गई। जिसके बाद जुटे ग्रामीणों ने आवास सहायक बसंत कुमार को बंधक बना लिया और उन्हें अपने दरवाजे पर बैठा लिया। आवास सहायक द्वारा मामले की जानकारी स्थानीय प्रखंड प्रशासन को दी गई।

इधर आवास सहायक बसंत कुमार का कहना है कि उनके साथ एक नुनु झा नामक व्यक्ति था जो मुखिया जी का आदमी है। उसी ने पैसा लिया है इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। हालांकि ग्रामीणों का कहना था कि आवास सहायक के साथ ही नुनु झा नामक व्यक्ति चल रहा था। आवास सहायक अब मामला फंसने पर झूठ बोल रहे हैं। उन्हीं के कहने पर उसने राशि ली थी लेकिन महिला का नाम अब तक जोड़ा नहीं गया।






