समस्तीपुर जिले के 26 गांवों से गुजर रहा बिहार का पहला एक्सप्रेस-वे, जिले के लोगों का पटना और दरभंगा जाना होगा और भी आसान

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर :- बिहार का पहला एक्सप्रेस-वे समस्तीपुर से होकर गुजर रहा है। जिससे पटना और दरभंगा की दूरी काफी कम हो जाएगी और दोनों हवाई अड्डे एक ही रूट पर जुड़ जाएंगे। यह एक्सप्रेस वे जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। जो समस्तीपुर जिले के 26 गांवों से होकर गुजरेगा। समस्तीपुर शहर के लोग एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने के लिए ताजपुर रोड के छठे किलोमीटर पर कनेक्टिविटी पा सकेंगे। फिलहाल, एक्सप्रेसवे का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है। एक्सप्रेस-वे से संबंधित विस्तृत जानकारी डीडीसी संदीप शेखर प्रियदर्शी ने दी।
डीडीसी संदीप शेखर प्रियदर्शी ने बताया कि NHAI इस सड़क का निर्माण करा रही है और जरूरत के हिसाब से भूमि का अधिग्रहण भी पूरा कर लिया गया है। इस सड़क के बन जाने से समस्तीपुर के लोगों को पटना और दरभंगा दोनों की दूरी कम करने में मदद मिलेगी और सफर ज्यादा सुगम होगा। एक्सप्रेस-वे के निर्माण से समस्तीपुर और आसपास के जिलों में विकास के नए दरवाजे खुलेंगे और लोगों के लिए यातायात और आसान हो जाएगा।

सड़क के पूरा होने के बाद समस्तीपुर से पटना की दूरी कई किलोमीटर घट जाएगी। वहीं, दरभंगा हवाई अड्डे की दूरी भी घटकर मात्र 35 किलोमीटर रह जाएगी। इससे समस्तीपुर के अलावा वैशाली, पटना, गया, जहानाबाद और औरंगाबाद के लोगों को भी फायदा मिलेगा। पटना, दरभंगा और गया हवाई अड्डे अब एक ही रूट पर होंगे, जिससे सफर और आसान हो जाएगा।

एनएच-119 डी के पैकेज-3 के तहत हो रहा निर्माण
उन्होंने आगे बताया कि औरंगाबाद-दरभंगा एनएच-119 डी के पैकेज-3 के तहत इस एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है। यह सड़क जिले के 28 गांवों से होकर गुजरेगी। इससे आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और इलाके में विकास के नए रास्ते खुलेंगे। भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत यह सड़क असम से गया और समस्तीपुर होते हुए 209 किलोमीटर तक बनाई जा रही है। इस परियोजना के चार पैकेज हैं, जिसमें तीसरे पैकेज में वैशाली से समस्तीपुर और चौथे पैकेज में समस्तीपुर से दरभंगा के बीच काम जारी है।

समस्तीपुर-ताजपुर रोड पर लिंक रोड से मिलेगी सुविधा
समस्तीपुर शहर के लोग आसानी से एक्सप्रेस-वे तक पहुंच सकें, इसके लिए ताजपुर रोड के छठे किलोमीटर पर लिंक रोड बनाया जा रहा है। इससे शहर के लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और ताजपुर रोड के जाम से भी राहत मिलेगी, जो अक्सर भोला टॉकीज के पास जाम की समस्या से जूझता है।

एक्सप्रेस-वे का निर्माण बूढ़ी गंडक नदी पार करने के बाद कल्याणपुर प्रखंड के मुसेपुर गांव से शुरू होकर खरसर पूर्वी के पंचवटी चौक तक तेजी से किया जा रहा है। जल निकासी के लिए नाले और ड्रेनेज सिस्टम को भी दुरुस्त किया जा रहा है। पुल और पुलिया के निर्माण का काम भी तेजी से चल रहा है। बता दें कि हाल ही में समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, तांती और बागमती नदी पर बन रहे पुलों का निर्माण भी तेजी से जारी है।



