समस्तीपुर आदर्श नगर मुहल्ले में अपने घर के पीछे नशापान करने से रोका तो बदमाशों ने दो भाइयों को मारपीट कर किया जख्मी, फायरिंग !

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श नगर रोड नंबर 3 में कुछ असामाजिक तत्वों ने दो भाइयों को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस दौरान घर के बाहर रखें सामानों को भी बदमाशों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। जख्मी दोनों भाइयों की पहचान स्थानीय राम अनुज सिंह के पुत्र कुंदन कुमार व दीपक कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद जख्मी को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां दोनों का उपचार जारी है।
सदर अस्पताल में इलाजरत दोनों भाईयों ने चार राउंड हवाई फायरिंग की भी बात कही है। इधर घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंची मुफस्सिल थानाध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने जख्मी दोनों भाइयों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना को लेकर बताया गया है कि गुरुवार की शाम आदर्श स्थित अपने घर के पीछे चौर में कुछ युवकों द्वारा नशा पान करता देख कुंदन ने जब उन लोगों को भगाना शुरू किया तो उन लोगों ने इसके घर पर पहुंच मारपीट करते हुए दोनों भाईयों को जख्मी कर दिया व घर के बाहर रखे सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

इस दौरान वहां मौजूद हलदर कापर नामक युवक के द्वारा चार राउंड हवाई फायरिंग भी कर दी गई जिसमें दोनों भाई बाल-बाल बच गये। इस दौरान स्थानीय लोगों के जुटने पर सभी बदमाश वहां से फरार हो गए। इधर मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया की आदर्श नगर में अपने घर के पीछे नशापान करने से रोकने पर कुछ बदमाशों ने कुंदन और दीपक को मारपीट कर जख्मी कर दिया है। घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच की जा रही है। हवाई फायरिंग की बात पर उन्होंने कहा की खोका ढूंढा जा रहा है, आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फायरिंग की बात अभी स्पस्ट नहीं हो सकी है। वहीं जख्मी को आवेदन देने के लिए कहा गया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।





