समस्तीपुर: पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद ससुराल से घरेलू सामान उठाकर मायके में पटक-पटककर रख रहे चार युवक हथियार के साथ गिरफ्तार

व्हाट्सएप पर हमसे जुड़े
समस्तीपुर/खानपुर :- समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मधु टोला गांव में डॉक्टर रतनलाल गुप्ता के घर पर सोमवार की सुबह पिकअप पर घरेलू सामान व फर्नीचर लेकर पहुंचे चार लोगों को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए लोगों के पास से दो देशी कट्टा व गोली भी मिलने की बात कही जा रही है।
बताया जाता है कि यह लोग रतन लाल के बहन की ससुराल मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दूधपुरा से पहुंचे थे। कहा जा रहा है कि उसकी बहन और बहनोई के बीच संबंध विच्छेद को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बीच उसकी बहन के ससुराल वालों ने घरेलू सामान व फर्नीचर आदि पिकअप पर लादकर उसके घर पर भेज दिया। जहां परिजनों को बिना बताए ही पिकअप लेकर पहुंचे लोग सामान पटक-पटककर उतारने लगे।

परिजनों का आरोप है कि घर वालों ने विरोध किया तो पिकअप पर आए बदमाशों में से दो ने कट्टा तान दिया। आसपास के लोगों ने बदमाशों को पकड़ लिया। थाना अध्यक्ष विपिन कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर सभी युवक को कब्जे में ले लिया। पकड़े गए लोगों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजखंड के मो. जुबैर, दुधपुरा के रणधीर कुमार, पिंटू कुमार व रंजीत के रूप में की गई।






