बिहार के स्कूल में शराब की खेप, चौथी के छात्र ने कोल्ड ड्रिंक समझ पी ली और फिर..

बिहार में शराब बंदी 5 अप्रैल 2016 को लागू की गई थी। राज्य में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लागू होने के ठीक 10 साल बाद सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को बेगूसराय जिले में ऐसा वाकया सामने आया जो बिहार में शराब बंदी की हकीकत बयां कर रहा है। यह घटना बिहार सरकार का मजाक उड़ा रही है। बेगूसराय जिले के सिसवा गांव के स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ने वाला बच्चा शराब के नशे में चूर होकर स्कूल से घर पहुंचा। जब जांच की गई तो स्कूल में ही शराब का जखीरा मिला।
बेगूसराय के सिसवा गांव में सोमवार को चौथी कक्षा का छात्र शराब पीकर नशे में मदहोश होकर स्कूल से घर पहुंचा तो हंगामा हो गया। बच्चे की हालत गंभीर थी। उसका तत्काल इलाज कराया गया जिससे उसकी हालत सुधर सकी। बच्चे को शराब कहां से मिली? इस घटना से शराब के विक्रय, इसके भंडारण और इस्तेमाल को लेकर बनाए गए कड़े नियमों पर एक बार फिर सवाल उठ गए हैं।


स्कूल में शराब की पेटियां कहां से आईं?
बिहार में लागू शराबबंदी को धता बताकर शराब तस्कर अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। बच्चा जिस प्राइमरी स्कूल में पढ़ता है, उसके भवन के उपयोग में नहीं आ रहे जर्जर टॉयलेट में शराब की कई पेटियां छुपाकर रखी गई थीं। स्कूल में इस छात्र ने कार्टून में रखी बोतलें देखीं। नासमझ बच्चे ने बोतल निकालकर शराब पी ली। शराब पीकर वह नशे में झूमने लगा तो किसी तरह अपने घर पहुंचा। जब उसके परिवार के लोगों ने उसे इस हालत में देखा तो हैरत में पड़ गए और उसका इलाज कराया।

बंद पड़े टॉयलेट में शराब की पेटियां!
यह घटना बेगूसराय जिले के बछवारा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिसवा में हुई। बताया जाता है कि गांव के निवासी मोहम्मद परवेज आलम का लगभग 11 साल का पुत्र कक्षा 4 में पढ़ता है। वह सोमवार को स्कूल गया था। स्कूल में जब वह टॉयलेट की तरफ गया तो उसे शराब की बोतलें दिखी थीं। जब वह नशे में चूर होकर घर पहुंचा तो उसकी मां उसकी हालत देखकर घबरा गईं। उन्होंने इसकी सूचना अन्य परिजनों को दी।

पुलिस ने जब्त कीं शराब की 23 पेटियां
छात्र से जब पूछताछ की गई तो स्कूल के टॉयलेट में शराब रखी होने की जानकारी मिली। छात्र के परिजन ने स्कूल पहुंचकर प्रधानाध्यापक को इसकी सूचना दी। उन्होंने जब टॉयलेट में जाकर देखा तो वहां शराब के कई कार्टून छुपाकर रखे हुए मिले। इसके बाद इसकी सूचना बछवाड़ा पुलिस थाने को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उसने वहां से करीब 23 कार्टून विदेशी शराब जब्त की।

लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा था छात्र
छात्र की मां रिजवाना खातून और चाचा मोहम्मद खुर्शीद ने बताया कि वह लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा था। उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। जब उसके दोस्तों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि छात्र ने विद्यालय के पीछे बंद पड़े शौचालय में रखी शराब पी ली है। इसके बाद विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक को इसकी जानकारी दी। उनको स्कूल भवन में शराब रखी होने की जानकारी नहीं थी।

पुलिस कर रही मामले की जांच
प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुर्शाली ने बताया कि छात्र के परिजनों ने उन्हें जानकारी दी तो विद्यालय के पूर्वी भाग में स्थित जर्जर शौचालय में देखा। वहां शराब की कई पेटियां रखी हुई थीं। इसके बाद बछवारा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस इसकी जांच कर रही है। बछवाड़ा थाना अध्यक्ष ने बताया कि 204 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

