वी विल मिस यू नीतीश जी, करोड़ों दिलों को रूला दिया; सीएम के इस्तीफे से पहले मांझी भावुक हुए

नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफे से पहले केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने भावुक पोस्ट किया है। मांझी ने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा है कि नीतीश कुमार एक ऐसे महामानव हैं जिनके बिना बिहार अधूरा है। 2014 में नीतीश कुमार ने जब लोकसभा चुनाव में जदयू की करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए सीएम की कुर्सी छो़ड़ी थी तो मांझी को ही मुख्यमंत्री बनाया था। हालांकि, जीतन मांझी अधिक दिनों तक मुख्यमंत्री नहीं रह सके।
सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जीतनराम मांझी ने अपना दिल उड़ेल कर रख दिया। वे लिखते हैं, ” नीतीश जी,अगले चौबीस घंटे में आप बिहार के मुख्यमंत्री पद को छोड़ देंगें। सबको पता है कि आपका यह ख़्वाब था कि आप देश के चारों सदनों के सदस्य रहें पर आपके इस ख़्वाब ने करोड़ों दिलों को रूला दिया है। नीतीश जी बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है पर शायद ये पहला मौक़ा है जब आपको मुख्यमंत्री पद की छोड़ने की बातों सुनकर ही करोड़ों लोगों के आँखों में आँसू भर आएं हैं। भले ही मुख्यमंत्री पद को छोड़ने का फ़ैसला आपका अपना फ़ैसला है जिसपर कोई सवाल नहीं खड़ा कर सकता पर बिहार आज ग़मज़दा है। हर बिहारी कह रहा है…वी विल मिस यू नीतीश जी… आप महामानव हैं,बिहार आपके बिना अधूरा है”।


जीतनराम मांझी और नीतीश कुमार के बीच राजनैतिक विरोधाभाष भी रहे। ऐसा भी मौका आया जब जीतनराम मांझी और नीतीश कुमार के बीच तीखी नोक झोंक हुई। दोनों नेताओं ने एक दूसरे पर जुबानी हमला किया। नीतीश कुमार को अपना आका बताने वाले जीतन मांझी ने अपनी पार्टी को महागठबंधन से यह कहकर अलग कर लिया कि उनकी पार्टी तो समाप्त करने की साजिश की जा रही थी। लेकिन, समय के साथ मांझी फिर से नीतीश कुमार के पाले में चले गए। आज जब नीतीश कुमार दिल्ली की राजनीति में शिफ्ट हो रहे हैं तो जीतनराम मांझी भावुक हो रहे हैं।

रानैतिक गलियारे में चर्चा है कि 14 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक के बाद नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। इसी के साथ बिहार में 20 साल पुराने नीतीश युग का अंत हो जाएगा। बीजेपी अपने दल से किसी नेता को सीएम पद का चेहरा बनाएगी। संभव है कल ही राज्यपाल के सामने नई सरकार का दावा भी पेश कर दिया जाए। 15 अप्रैल को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी की जा रही है। राज्यपाल के सचिव, सीएम के सलाहकार, पटना डीएम, एसएसपी, कमीश्नर ने सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर जाकर मुलाकात की। जदयू और बीजेपी के नेताओं की सम्राट चौधरी के आवास पर दिन भर आना जाना लगा रहा।





