Bihar

इस दिन फाइनल हो जाएगा बिहार सीएम का चेहरा; सरकार गठन, कैबिनेट विस्तार कब? यहां पढ़ें…

बिहार नई सरकार के गठन की और तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहली बार बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सक्रियता बढ़ गई है। रविवार को पार्टी के केन्द्रीय संसदीय बोर्ड ने अनुभवी नेता और भारत सरकार के कृषि-ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार विधायक दल के नेता का चुनाव कराने के लिए केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने नियुक्ति का पत्र जारी किया।

शिवराज सिंह चौहान 14 अप्रैल को पटना आएंगे। उनकी मौजूदगी में इसी दिन बिहार भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में नेता के नाम की घोषणा होगी। इसी दिन एनडीए के अन्य दलों जदयू, लोजपाआर, हम और रालोमो विधायक दल की भी अलग-अलग बैठकों के बाद एनडीए विधानमंडल दल की साझा बैठक में नये मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।

नितिन नवीन, अमित शाह आ सकते हैं

सूत्रों के अनुसार नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोकभवन में संभावित है। बापू सभागार को भी खाली रखा गया है। बताया जा रहा है कि 15 को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आदि बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। बताया जाता है कि कुछ दिनों बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा, जिनमें अन्य मंत्री शपथ लेंगे। एनडीए विधायक दल के नये नेता 14 अप्रैल की शाम को ही राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

नीतीश सरकार की अंतिम कैबिनेट 14 को

बिहार सरकार ने 14 अप्रैल को दिन के 11 बजे कैबिनेट की बैठक बुलायी है। पुराना सचिवालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक उनके सरकार की अंतिम बैठक होगी। इस बैठक में कई प्रमुख एजेंडों पर फैसले की उम्मीद है। साथ ही मौजूदा मंत्रिमंडल दो दशक के शासन में बिहार का चतुर्दिक विकास करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देगा और उनके प्रति आभार भी प्रकट करेगा। मंगलवार को संविधान निर्माता डा. आम्बेडकर की जयंती है। नीतीश कुमार उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे और इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप देंगे।

बंगाल चुनाव में गए विधायकों को बुलावा

पश्चिम बंगाल के चुनाव में भाजपा के करीब 50 से अधिक विधायक लगे हैं। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो 13 अप्रैल को इन सभी को पार्टी की ओर से संदेश जाएगा कि 14 अप्रैल की सुबह तक पटना आ जाएं। बंगाल चुनाव में बड़ी संख्या में कार्यरत बिहार भाजपा के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख़्त मनाही है कि उन्हें नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आना है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद वे सारे विधायक भी बंगाल लौट जाएंगे जिन्हें वहां चुनाव का जिम्मा दिया गया है।

सम्राट समेत कई नेता नीतीश से मिले :

रविवार को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीएम आवास जाकर नेताओं के मिलने का सिलसिला जारी रहा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी मुख्यमंत्री के साथ काफी देर मंत्रणा की। रोज की तरह जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी तो सीएम आवास में मौजूद रहे, दोपहर बाद मंत्री श्रवण कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी, जमा खान आदि जदयू नेता भी पहुंचे।

ईमानदारी पूर्वक निभाऊंगा जिम्मेदारी : चौहान

भाजपा ससंदीय बोर्ड द्वारा बिहार में पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्ति किये जाने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं भाजपा का एक समर्पित कार्यकर्ता हूं। एक कार्यकर्ता के नाते हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाना मेरा कर्तव्य है।

Avinash Roy

Recent Posts

मुफस्सिल थाने की पुलिस ने तीन वारंटी समेत दो पियक्कड़ों को पकड़ा

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन वारंटियों समेत शराब…

5 घंटे ago

क्लोन एक्सप्रेस से दिल्ली जा रही नवविवाहिता समस्तीपुर स्टेशन से गायब, शौचालय जाने की बात कहकर जेवर और नगदी भी ले गई

एक नवविवाहिता के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन से अचानक गायब होने का मामला सामने आया है.…

5 घंटे ago

जांच के लिए समस्तीपुर पहुंची केंद्रीय टीम, बिथान के सोहमा पंचायत में मनरेगा योजनाओं की शुरू की जांच

समस्तीपुर/बिथान : समस्तीपुर जिले के बिथान प्रखंड के सोहमा पंचायत में मनरेगा योजनाओं को लेकर…

5 घंटे ago

प्रशस्त ऐप पर शिक्षकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण का आदेश, रफ्तार चल रही सुस्त 

समस्तीपुर : सरकारी एवं निजी स्कूलों के शिक्षकों का प्रशस्त ऐप 2.0 पर पंजीकरण कराने…

6 घंटे ago

1 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय घपले में पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, वर्तमान में समस्तीपुर जिले में हैं पदस्थापित

समस्तीपुर : बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा राज्य में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के…

13 घंटे ago

महुआ विधायक और मंत्री संजय सिंह पर दिल्ली के होटल में युवती से बदतमीजी का आरोप! तेज प्रताप यादव ने की जांच की मांग

बिहार सरकार के मंत्री और महुआ विधानसभा सीट से विधायक संजय सिंह पर एक युवती…

20 घंटे ago