दिल्ली में होने वाली बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक रद्द, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा लौट रहे पटना

बिहार में सियासी बदलाव की चर्चा के बीच दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल आज दिल्ली में होने वाली बिहार बीजेपी के शॉर्टर कोर ग्रुप की अहम बैठक अचानक रद्द कर दी गई, जिससे सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है. यह बैठक गुरुवार शाम 6 बजे बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े के दिल्ली स्थित आवास पर होने वाली थी. खास बात यह रही कि बैठक के लिए शॉर्टर कोर ग्रुप के सभी सदस्य पहले ही दिल्ली पहुंच चुके थे, लेकिन अंतिम समय में इसे स्थगित कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक, बिहार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी दिल्ली में मौजूद थे. वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह भी इस बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके थे. इसके बावजूद बैठक रद्द होने से कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.


सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी अब पटना लौटने की तैयारी में हैं और वे शाम 4:45 बजे की फ्लाइट से रवाना होंगे. वहीं विजय सिन्हा भी शाम 6 बजे दिल्ली से पटना के लिए निकलेंगे. बैठक रद्द होने के पीछे की आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है, लेकिन इसे बिहार के मौजूदा सियासी हालात से जोड़कर देखा जा रहा है.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक बिहार में संभावित नेतृत्व परिवर्तन और सरकार गठन से जुड़ी रणनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही थी. ऐसे में अचानक रद्द होना कई सवाल खड़े करता है. खासकर ऐसे समय में जब राज्य में सत्ता परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हैं. फिलहाल बीजेपी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. हालांकि, पार्टी के अंदरूनी स्तर पर मंथन जारी रहने की बात कही जा रही है. आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो पाएगा कि बैठक रद्द होने के पीछे क्या वजह रही और इसका बिहार की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा.




