बिहार: पुलिस कस्टडी से माइनिंग इंस्पेक्टर फरार, अवैध बालू खनन मामले में डीएम के आदेश पर हुई थी गिरफ्तारी

बिहार में एक खनन निरीक्षक (Mining Inspector) पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। अवैध बालू की खुदाई मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। गोपालगंज जिले में पुलिस हिरासत से एक सरकारी अधिकारी के फरार होने की घटना सामने आई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। दरअसल, ये पूरा मामला यादोपुर थाना क्षेत्र का है, जहां गंडक नदी में अवैध बालू खनन के आरोप में खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक को शुक्रवार की शाम गिरफ्तार किया गया था। ये कार्रवाई जिला पदाधिकारी (DM) पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर की गई थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पुलिस निगरानी में रखा गया था। लेकिन इसी दौरान रात को आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस कस्टडी से माइनिंग इंस्पेक्टर फरार
गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार को बालू घाटों का निरीक्षण किया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इसी कार्रवाई के दौरान खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

जिलाधिकारी के आदेश पर जिला खनिज विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने जादोपुर थाने में खनन निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया और अवैध खनन से जुड़े लोगों में भय का माहौल है।

बिना टेंडर के गंडक नदी से बालू की खुदाई
बताया जा रहा है कि गोपालगंज में गंडक नदी के किसी भी घाट के लिए फिलहाल बालू खनन का वैध टेंडर नहीं हुआ है। इसके बावजूद लंबे समय से अवैध तरीके से बालू उठाव जारी था। इस पर रोक लगाने के लिए डीएम ने एक दिन पहले ही उच्चस्तरीय बैठक कर सभी अधिकारियों को घाटों की सघन जांच के निर्देश दिए थे। बिहार में बालू क्यों बन गया ‘पीला सोना’?

जिलाधिकारी ने कहा है कि अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बताया गया कि पुलिस हिरासत से फरार आरोपी खनन निरीक्षक की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही जिले के सीमावर्ती इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि आरोपी फरार होकर बाहर न निकल सके।

रात में थाने से चकमा देकर भाग गए साहब
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि फरार खनन निरीक्षक की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे दोबारा पकड़ लिया जाएगा। मगर, ये मामला अपने आप में काफी चौंकाने वाला है।

