बिहार का नया मुख्यमंत्री नीतीश ही चुनेंगे, जेडीयू की बैठक से पहले ललन सिंह का बड़ा बयान

बिहार का नया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही चुनेंगे। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने यह बयान दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन करने के बाद शुक्रवार शाम में सीएम आवास पर जदयू विधान मंडल दल की बैठक बुलाई गई है। इसमें शामिल होने से पहले ललन सिंह ने कहा कि बिहार में कोई भी फैसला होगा, वो नीतीश ही लेंगे। नए मुख्यमंत्री का चयन भी उन्हीं के निर्देश पर होगा।
जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह शुक्रवार को नीतीश के आवास पर होने वाली बैठक में शामिल होने पटना पहुंचे। पटना के एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास में इस बैठक में पार्टी के सभी विधायक, एमएलसी, सांसद और वरीय नेता शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपनी नई राजनीतिक पारी का ऐलान कर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया था। राज्यसभा सांसद बनने के बाद वे सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे और बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा।

पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में ललन सिंह ने स्पष्ट किया कि हर फैसला नीतीश की मर्जी से होता है। आज तक कोई नीतीश की इच्छा के विपरीत कोई निर्णय उनसे नहीं करा सका है। उन्होंने विपक्ष के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें कहा जा रहा था कि भाजपा साजिश करके नीतीश को राज्यसभा भेज रही है।

जदयू कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर कालिख पोते जाने के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो नीतीश कुमार के स्वभाव को नहीं जानते हैं, वे ही ऐसा कर सकते हैं। बिहार का अगला सीएम भाजपा या जदयू से होगा, इस सवाल पर ललन ने कहा कि यह भी नीतीश कुमार को ही तय करना है।

बता दें कि नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के नेताओं की मौजूदगी में गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए पटना में नामांकन किया था। इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने जानकारी दी थी कि वह शुरुआत से संसद के दोनों सदनों एवं बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों का सदस्य बनना चाह रहे थे। इसलिए वह राज्यसभा जा रहे हैं।

पटना पहुंचे अमित शाह ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार की अब तक की छवि बेदाग रही है। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल स्वर्णिम रहा। अब वे केंद्रीय राजनीति में वापस लौट रहे हैं।

दूसरी ओर, जनता दल यूनाइटेड में नीतीश के इस फैसले का विरोध भी हो रहा है। शुक्रवार को पटना में जदयू कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने धरना देकर नीतीश के समर्थन में नारेबाजी की। वे नीतीश से राज्यसभा जाने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील कर रहे हैं। इस बीच पटना में जदयू कार्यालय के बाहर लगे नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर कार्यकर्ताओं ने कालिख भी पोत दी।

