‘बिहारी बाबु’ ईशान किशन बने SRH के कप्तान, अभिषेक शर्मा को भी बड़ी जिम्मेदारी

आईपीएल 2026 से पहले सैनराइजर्स हैदराबाद ने बड़ा फैसला लिया है. फ्रेंचाइजी ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टीम का स्टैंड-इन कप्तान बना दिया है. बुधवार (18 मार्च) को टीम ने आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की. नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ के निचले हिस्से (लोअर बैक) की चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे.
अभिषेक शर्मा होंगे उपकप्तान
टीम ने आक्रामक ओपनर अभिषेक शर्मा को उप कप्तान बनाया है. ईशान किशन को कप्तानी ऐसे समय पर मिली है जब उन्होंने हाल ही में आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था. इस टूर्नामेंट में उन्होंने 193 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए थे और पावरप्ले में टीम के लिए अहम भूमिका निभाई थी.

दूसरी ही सीजन में मिली कप्तानी
आईपीएल 2026 ईशान किशन का सनराइजर्स हैदराबाद के साथ दूसरा सीजन होगा. इसके बावजूद फ्रेंचाइजी ने उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंप दी है. इसके पीछे उनकी हालिया कप्तानी सफलता को भी बड़ी वजह माना जा रहा है. किशन ने घरेलू टी20 टूर्नामेंट Syed Mushtaq Ali Trophy में झारखंड टीम की कप्तानी करते हुए पिछले सीजन टीम को खिताब जिताया था.

खराब दौर के बाद शानदार वापसी
एक समय ऐसा भी था जब ईशान किशन भारतीय टीम से बाहर हो गए थे. 2022 के अंत में वे टीम से ड्रॉप हुए और घरेलू क्रिकेट से दूरी बनाने के कारण उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म कर दिया गया था. हालांकि ब्रेक के बाद किशन ने जोरदार वापसी की और खुद को एक लीडर के रूप में साबित किया.

फाइनल में जड़ा था तूफानी शतक
2025 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में किशन ने हरियाणा के खिलाफ शानदार कप्तानी पारी खेली थी. उन्होंने ओपनिंग करते हुए सिर्फ 49 गेंदों में शतक जड़ा और टीम को 69 रन से बड़ी जीत दिलाई. इस प्रदर्शन ने साबित किया कि किशन सिर्फ विकेटकीपर-बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि एक मजबूत लीडर भी हैं.



