‘गुंडई क्या होती है दिखा देंगे’, बिहार में दारोगा को चैलेंज करनेवाले दोनों बदमाश ढेर, एक STF जवान भी शहीद

बिहार में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दो और अपराधियों का एनकाउंटर कर दिया गया है. पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना के रामडीहा गांव में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मारे गए. इस मुठभेड़ में एसटीएफ के एक जवान श्री राम यादव शहीद हो गए. बताया जाता है कि कुंदन ठाकुर ने पिछले दिनों चकिया थाना की पुलिस को धमकी दी थी. मोतिहारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुंदन ठाकुर पर कई मामले दर्ज थे और वह एक कुख्यात अपराधी था. पुलिस ने इनके पास से 1 करबाइन, 2 पिस्टल और कट्टा बरामद किया है.
फोन पर पुलिस को दी थी धमकी
बता दें कि एक दिन पहले ही मोतिहारी के चकिया थाना के अपर थाना अध्यक्ष गौरव कुमार के फोन पर नेपाल के नंबर से फोन पर धमकी दी गई थी. फोन करने वाला एक युवक अपने आप को कुंदन ठाकुर बता रहा था और पूरे कॉन्फिडेंस के साथ कुछ दिनों बाद अपराधी और पुलिस के मुठभेड़ में 15 पुलिस को मारने की खुली धमकी दे रहा था.

धमकी में अपराधी ने क्या कहा?
फोन करने वाले युवक ने अपर थानाध्यक्ष को फोन कर कहा था कि न्यूज में देखे हैं कि पुलिस अपराधी के मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया है. लेकिन, पता है कि अगला न्यूज क्या होगा… अगला न्यूज होगा कि अपराधी और पुलिस के बीच में मुठभेड़ हुआ और 10- 15 पुलिसकर्मी की मौत हो गई है…. गुंडई क्या होती है, यह हम आपको और पूरे शहर बहुत जल्द दिखा देंगे.

इस घटना में जिस तरह से एक अपराधी ने पुलिस को फोन करके खुली धमकी दी थी वह पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी. और अब इस मामले में पुलिस कार्रवाई हुई और दो अपराधी मारे गए. मोतिहारी एनकाउंटर की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है. पूरे चकिया क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही है. अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा. पुलिस की ओर से पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. नेपाल से सटे होने की वजह से आए दिन अपराधी वारदात को अंजाम देकर नेपाल भाग जाते हैं.




