पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में फायरिंग, साइंस कॉलेज में चली गोली

पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है। इस बीच, हंगामा और बवाल की सूचना आई है। पटना साइंस कॉलेज में बदमाशों ने फायरिंग कर दी। दो राउंड गोलीबारी की सूचना है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। दूसरी ओर, पीयू सेंट्रल पैनल के अध्यक्ष पद के निर्दलीय उम्मीदवार रिंकल यादव ने मतपर्ची में गलत नाम लिखे जाने पर हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका नाम बैलेट पेपर में रिंकल यादव की जगह रिंकल कुमार लिखा हुआ है।
रिंकल ने पटना कॉलेज, बीएन कॉलेज और यूनिवर्सिटी परिसर में बैलेट पेपर फाड़ दिए। हंगामे के बाद उन्हें पुलिस पकड़ कर ले गई, हालांकि कुछ देर बाद छोड़ दिया। हंगामे की वजह से पटना कॉलेज में 20 मिनट के लिए मतदान बाधित रहा।

अध्यक्ष प्रत्याशी रिंकल यादव और उनके समर्थकों का कहना है कि उन्होंने पूरा प्रचार रिंकल यादव के नाम से किया, लेकिन बैलेट पेपर में रिंकल कुमार लिखा हुआ है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पर संज्ञान ले लिया है और सभी बैलेट पेपर पर उनके नाम में पेन से ही सुधार कर दिया गया।

साइंस कॉलेज में फायरिंग
दोपहर में पटना साइंस कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के मतदान के दौरान फायरिंग से दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि बुलेट बाइक सवार युवकों ने दो राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस ने मौके से एक खोखा भी बरामद किया है। फायरिंग करने वालों की पहचान की जा रही है। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। दहशत फैलाने के मकसद से फायरिंग की आशंका जताई जा रही है।

कहां कितनी वोटिंग हुई?
पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव के मतदान की रफ्तार सुबह काफी धीमी रही। सुबह 11 बजे तक पटना वीमेंस कॉलेज में सर्वाधिक 32 प्रतिशत मतदान हुआ। पटना लॉ कॉलेज में 27 परसेंट वोट गिरे। वहीं, आर्ट्स कॉलेज में 18 प्रतिशत, कॉमर्स कॉलेज में 13 प्रतिशत, पटना कॉलेज में 16 प्रतिशत और पटना साइंस कॉलेज में 16 फीसदी वोटिंग हुई।

ढाई बजे तक वोटिंग, 5 बजे से शुरू होगी मतगणना
पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शुरू हुआ। वोटिंग दोपहर 2.30 बजे तक चलेगी। शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। देर रात तक चुनाव परिणाम जारी किए जाने की संभावना है।


