बिहार: मछली बनाने से इनकार करने पर दबंगों ने होटल में लगा दी आग, लाखों की संपत्ति खाक

बिहार में मछली बनाने से इनकार करने पर होटल में आग लगाने का आरोप कुछ दबंगों पर लगा है। औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र में ब्लॉक मोड़ के समीप मछली बनाने से इनकार करने पर एक होटल में आग लगा दी गई। इसकी प्राथमिकी नगर थाना में दर्ज कराई गई है। पीड़ित शिवकुमार सिंह ओबरा थाना के मनोरा बाजितपुर गांव के रहने वाले हैं और ब्लॉक मोड पर एक होटल का संचालन करते हैं।

सोमवार की देर शाम कुछ युवक होटल पर मछली बनाने की मांग कर रहे थे जिसे होटल संचालक ने मना कर दिया था। इसके बाद रात में यहां आग लग गई और लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई। अगलगी में होटल का सारा सामान, बाइक, भैंस, कुर्सी, नगदी राशि आदि जल गई। होटल संचालक ने बताया कि कुछ युवकों ने मछली बनाने को कहा था तो उन्होंने मना कर दिया था।

इसके बाद ही आग लगी है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उक्त युवकों ने ही घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में चार युवकों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।





