Bihar

नीतीश कैबिनेट में 9 पद खाली; जदयू, भाजपा और चिराग कोटे से अब कितने मंत्री और बनेंगे?

बिहार चुनाव में एनडीए की जीत के बाद एनडीए की नई सरकार का गुरुवार को शपथ ग्रहण हुआ। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भाजपा, जदय, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो के 26 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। बिहार विधानसभा में सदस्यों की संख्या के 15 फीसदी के नियमानुसार नीतीश कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 36 मंत्री हो सकते हैं। गुरुवार को सीएम समेत 27 मंत्रियों ने शपथ ली। लिहाजा, मंत्री परिषद के 9 पद अब भी खाली हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 243 में से 202 सीटों पर जीत दर्ज की। ऐसे में सामान्यतया 6 विधायकों पर एक मंत्री का कोटा मिलना है। तय मापदंडों के अनुसार, 89 विधायकों वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) से सर्वाधिक 16 मंत्री हो सकते हैं। जबकि जदयू को 15, चिराग पासवान की लोजपा (आर) को 3 और जीतनराम मांझी की हम एवं उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो को एक-एक की हिस्सेदारी मिलनी है।

कैबिनेट विस्तार में किस पार्टी के कितने मंत्री और बनेंगे?

फिलहाल, नीतीश कैबिनेट में भाजपा के 14 मंत्री हो चुके हैं। भविष्य में कैबिनेट विस्तार होने पर तय कोटे के आधार पर शेष 9 में भाजपा के 2 मंत्री और हो सकते हैं। जदयू के अभी 9 मंत्री ही हुए हैं, उसके कोटे के सबसे ज्यादा 6 पद खाली हैं। वहीं, चिराग की पार्टी लोजपा-आर के भी अभी दो मंत्री ही बने हैं, एक पद उसका भी रिक्त माना जा रहा है। मांझी और कुशवाहा की पार्टी का पूरा हो चुका है।

नीतीश कैबिनेट में अभी किस पार्टी से कितने और कौन-कौन मंत्री हैं-
भाजपा से दो डिप्टी सीएम समेत 14 मंत्री :

सम्राट चौधरी (डिप्टी सीएम)

विजय सिन्हा (डिप्टी सीएम)

मंगल पांडेय

दिलीप जायसवाल

नितिन नबीन

रामकृपाल यादव

संजय सिंह टाइगर

अरुण शंकर प्रसाद

सुरेंद्र मेहता

नारायण प्रसाद

रमा निषाद

लखेंद्र कुमार रौशन

श्रेयसी सिंह

प्रमोद कुमार

जदयू से सीएम समेत 9 मंत्री :

नीतीश कुमार (मुख्यमंत्री)

विजय कुमार चौधरी

बिजेंद्र प्रसाद यादव

श्रवण कुमार

अशोक चौधरी

लेशी सिंह

मदन सहनी

सुनील कुमार

मोहम्मद जमा खान

अन्य दलों से 4 मंत्री :

संजय पासवान (लोजपा-आर)

संजय कुमार सिंह (लोजपा-आर)

संतोष सुमन (हम)

दीपक प्रकाश (रालोमो)

माना जा रहा है कि आगामी महीनों में नीतीश कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा, उसके बाद इन पदों को भरा जाएगा। कैबिनेट विस्तार कब होगा, इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार ने सरकार गठन से पहले जेडीयू के विधायक दल की बैठक में पार्टी के विधायकों एवं एमएलसी को संकेत दिया था कि खरमास के बाद अगले साल मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

Avinash Roy

Recent Posts

सियालदह से सीतामढ़ी के बीच चलेगी पूजा स्पेशल, दरभंगा और समस्तीपुर के यात्रियों को मिलेगी राहत

समस्तीपुर : दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए…

2 घंटे ago

शहर के रामबाबू चौक पर चेन छिनतई के आरोप में पकड़ा गया युवक, आपसी समझौते के बाद पुलिस ने छोड़ा

समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के रामबाबू चौक पर शुक्रवार की देर शाम महिला से…

3 घंटे ago

शराब कारोबार समेत गोलीबारी व तोड़फोड़ के आरोपित छोटू सिंह गिरफ्तार, शंभूपट्टी चौक से गुप्त सूचना पर समस्तीपुर पुलिस ने दबोचा

समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के शंभूपट्टी गांव में गोलीबारी, तोड़फोड़ और अवैध शराब कारोबार…

3 घंटे ago

BJP के कल्याणपुर दक्षिणी व पश्चिमी मंडल में नए अध्यक्ष नियुक्त; पार्टी विरोधी गतिविधियों व संगठनात्मक कार्यों में लापरवाही की शिकायतों के बीच बदलाव

समस्तीपुर : भाजपा के संगठनात्मक जिला समस्तीपुर उत्तरी के अंतर्गत कल्याणपुर दक्षिणी एवं कल्याणपुर पश्चिमी…

4 घंटे ago